Tuesday, May 12, 2026
Homeअर्थव्यवस्थाJewellery Stocks में 12% तक की भारी गिरावट, समझें पीएम मोदी के...

Jewellery Stocks में 12% तक की भारी गिरावट, समझें पीएम मोदी के बयान के क्या हैं मायने


सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट देखने को मिल रही है। इसी बीच, हफ्ते के पहले दिन ज्यूलरी स्टॉक्स क्रैश हो गए। सोमवार को टाइटन, कल्याण ज्यूलर्स, सेनको गोल्ड, स्काई गोल्ड एंड डायमंड्स और अन्य ज्यूलरी स्टॉक्स में 12% तक की गिरावट देखने को मिली। ज्यूलरी स्टॉक्स में आज की ये भारी गिरावट के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक बड़ा बयान है। जिसमें उन्होंने विदेशी मुद्रा बचाने के उपायों के तहत नागरिकों से सोने की खरीदारी टालने की अपील की थी। रविवार को पीएम मोदी ने हैदराबाद में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा था, ”वैश्विक संकट के दौरान, देश को सर्वोपरि रखते हुए, हमें संकल्प लेने होंगे।”

विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सोने की खरीदारी से बचने की अपील

पीएम मोदी ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए पेट्रोल और डीजल का विवेकपूर्ण उपयोग करने, शहरों में मेट्रो सेवाओं का उपयोग, कार पूलिंग, इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिकतम उपयोग, पार्सल भेजने के लिए रेल सेवाओं का उपयोग और घर से काम करने जैसे उपायों का सुझाव दिया। मोदी ने कहा कि युद्ध के कारण पेट्रोल और उर्वरक की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि जब सप्लाई चेन पर दबाव होता है, तो संकट से निपटने के विभिन्न उपायों के बावजूद मुश्किलें बढ़ जाती हैं। इसीलिए, वैश्विक संकट के दौरान, देश को सर्वोपरि रखते हुए, हमें संकल्प लेने होंगे। संकट के चलते विदेशी मुद्रा बचाने की जरूरत पर जोर देते हुए पीएम मोदी ने एक साल के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्राओं को स्थगित करने का आह्वान किया।

सोमवार को बाजार खुलते ही धड़ाम हुए ज्यूलरी स्टॉक्स

रविवार को पीएम मोदी की अपील के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही ज्यूलरी स्टॉक्स में भारी गिरावट दिखने लगी। आज टाइटन के शेयर 6.4% तक गिर गए, कल्याण ज्यूलर्स के शेयर 8.3% तक गिरे, स्काई गोल्ड के शेयरों की कीमत 12.2% तक लुढ़क गई, सेनको गोल्ड के शेयर आज 10.7% तक टूट गए। इनके अलावा, सोमवार को और भी कई ज्यूलरी कंपनियों के शेयरों में बड़ी गिरावट देखने को मिली। बताते चलें कि आज बाजार में चौतरफा गिरावट देखी जा रही है। सोमवार को बीएसई सेंसेक्स 690.1 अंकों की बड़ी गिरावट के साथ 76,638.09 अंकों पर खुला। जबकि, एनएसई के निफ्टी 50 इंडेक्स ने भी आज 205.9 अंकों के भारी नुकसान के साथ 23,970.10 अंकों पर कारोबार शुरू किया। 





Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments