पंजाब के गुरदासपुर में आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के काम की तारीफ की. आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने रविवार (28 जून) की शाम को कहा कि भगवंत मान सरकार ने पंजाब में सनातन धर्म के लिए पहले की सरकारों की तुलना में अधिक काम किया है.
आप नेता अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार की ओर से आयोजित ‘एक शाम भगवान शिव के नाम’ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं का स्वागत किया. इस कार्यक्रम के दौरान केजरीवाल ने कहा कि पूरे राज्य में पहली बार बड़े पैमाने पर सनातन धर्म को समर्पित भजन संध्या का आयोजन किया जा रहा है.
केजरीवाल ने मान सरकार के कामों का किया जिक्र
अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के काम को जिक्र किया. इस बीच उन्होंने कहा, ‘‘इन दिनों बहुत से लोग मुझसे कह रहे हैं कि पंजाब में किसी भी राजनीतिक दल या सरकार ने सनातन धर्म के लिए इतना काम नहीं किया. सभी का कहना है कि पंजाब में सनातन धर्म को एक बड़ा मंच मिला है.’’
केजरीवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले जालंधर में और शनिवार को अमृतसर में इसी तरह का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. अब ऐसे कार्यक्रम पंजाब के सभी 22 शहरों में आयोजित किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पटियाला के प्रसिद्ध काली माता मंदिर के पुनर्विकास पर 80 करोड़ रुपये खर्च कर रही है और यह कार्य सितंबर तक पूरा हो जाएगा. केजरीवाल ने लोगों से अक्टूबर के बाद मंदिर में माता के दर्शन करने की अपील भी की.
पंजाब चुनाव से पहले सियासत तेज
पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासत तेज है. मुख्यमंत्री भगवंत मान के वायरल वीडियो का मुद्दा गरमाया हुआ है. हालांकि एआई वीडियो की पुष्टि वाली रिपोर्ट को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े कर दिए हैं. आरोप है कि 10 लाख रुपये देकर यह रिपोर्ट तैयार कराई गई है. हालांकि सीएम मान ने इन आरोपों को खारिज कर दिया.
CM भगवंत मान बोले- सभी सिख विधायक और सिख मंत्री 29 जून को अकाल तख्त के सामने होंगे पेश


