- Hindi News
- Sports
- Wimbledon 2026, Fritz, Shelton, Vijay Amritraj, US Tennis, Tennis News, Grass Court, Wimbledon Challenge
स्पोर्ट्स डेस्क5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

विंबलडन में अमेरिका के लंबे इंतजार को खत्म करने के लिए टेलर फ्रिट्ज और बेन शेल्टन मजबूत दावेदार बनकर उभरे हैं। पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी विजय अमृतराज का मानना है कि अगर दोनों खिलाड़ी पूरी तरह फिट रहते हैं, तो ग्रास कोर्ट पर किसी भी खिलाड़ी को चुनौती दे सकते हैं।
हालांकि, उनके अनुसार टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबले ही उनके आगे के सफर की दिशा तय करेंगे। विंबलडन की शुरुआत आज से हो चुकी है।
फ्रिट्ज व शेल्टन से काफी उम्मीदें
जियोस्टार मीडिया डे पर विंबलडन 2026 से पहले बातचीत के दौरान जियोस्टार एक्सपर्ट विजय अमृतराज ने कहा, अमेरिका को लंबे समय से विंबलडन मेंस सिंगल्स में चैंपियन का इंतजार है और इस बार फ्रिट्ज व शेल्टन से काफी उम्मीदें हैं। दोनों का खेल ग्रास कोर्ट के लिए शानदार है और वे बड़े खिलाड़ियों को हराने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने कहा कि टेलर फ्रिट्ज की फिटनेस सबसे अहम होगी। अगर वह पूरी तरह फिट रहे, तो टूर्नामेंट में लंबा सफर तय कर सकते हैं। साथ ही शुरुआती राउंड के मुकाबले दोनों खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे, क्योंकि शुरुआती जीत से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है।

टेलर फ्रिट्ज का पहले राउंड में सामना जैक ड्रेपर से होना था।
दोनों खिलाड़ी को खिताबी दावेदारों में शामिल
विजय अमृतराज के मुताबिक, मौजूदा फॉर्म और क्षमता को देखते हुए टेलर फ्रिट्ज और बेन शेल्टन को विंबलडन के ‘सेकेंड टियर’ खिताबी दावेदारों में रखा जा सकता है। अगर दोनों शुरुआती चुनौतियां पार कर लेते हैं, तो खिताब की दौड़ में मजबूत दावेदारी पेश कर सकते हैं।
ड्रेपर विंबलडन से बाहर, पहले दौर में फ्रिट्ज से सामना होना था
ब्रिटेन के जैक ड्रेपर ने विंबलडन 2026 से नाम वापस ले लिया है। उनका पहले दौर में अमेरिका के टेलर फ्रिट्ज से मुकाबला होना था, लेकिन अब वह टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं लेंगे। ड्रेपर ने कहा, पिछले 12 महीनों में कई मुश्किल पल आए, लेकिन यह सबसे दर्दनाक है। किसी ब्रिटिश खिलाड़ी के लिए विंबलडन में खेलना सबसे बड़ा सम्मान होता है।
विंबलडन 2026 29 जून से 12 जुलाई तक खेला जाएगा। टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण और लाइव स्ट्रीमिंग भारत में जियोहॉटस्टार और स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर होगा।



