Wednesday, May 13, 2026
Homeअर्थव्यवस्थाएक झटके में 27,700 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने के भाव में...

एक झटके में 27,700 रुपये महंगी हुई चांदी, सोने के भाव में 15,680 की बढ़ोतरी- आज से लागू हुई नई इंपोर्ट ड्यूटी


Silver and Gold Price: सरकार ने सोने-चांदी की खरीदारी पर लगाम कसने के लिए आयात पर इंपोर्ट ड्यूटी को 10 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है। सरकार ने एक नोटिफिकेशन जारी कर बताया कि नई इंपोर्ट ड्यूटी 13 मई, 2026 से लागू कर दी गई हैं। इस फैसले के तहत सोना, चांदी, प्लैटिनम, ज्यूलरी के पुर्जों (Findings) और कीमती धातुओं से जुड़े औद्योगिक आयात पर ज्यादा ड्यूटी लगेगी। सरकार ने सोने और चांदी के आयात पर 10% बेसिक कस्टम ड्यूटी और 5% एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट सेस (AIDC) लगाया है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद सोने और चांदी पर वसूली जाने वाली इंपोर्ट ड्यूटी 6% से बढ़कर 15% हो गई है, जिससे चांदी की कीमतें लगभग 25,600 रुपये प्रति किलोग्राम और सोने की कीमतें लगभग 15,000 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ जाएंगी।

खुदरा ग्राहकों पर पड़ेगा सीधा असर

सोने और चांदी के आयात पर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने का सीधा असर इन कीमती धातुओं की खुदरा कीमतों पर पड़ेगा। बताते चलें कि सोने और चांदी का व्यापार करने वाले कारोबारी और कंपनियां इंपोर्ट ड्यूटी में हुई बढ़ोतरी को खुदरा ग्राहकों से ही वसूलती हैं। ऐसे में, इंपोर्ट ड्यूटी में भारी बढ़ोतरी होने से खुदरा खरीदारी करने वाले ग्राहकों को अब पहले की तुलना में काफी ज्यादा कीमत चुकानी होगी। बताते चलें कि दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को सोने की कीमतों में 1500 रुपये और चांदी के दाम में 12,000 रुपये की तेजी दर्ज की गई थी।

नई इंपोर्ट ड्यूटी के बाद सोने और चांदी की कीमतों में छप्परफाड़ तेजी

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, मंगलवार 12 मई को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें 1500 रुपये की तेजी के साथ 1,56,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुए थे। इसके अलावा, चांदी का भाव 12,000 रुपये की बंपर तेजी के साथ 2,77,000 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर बंद हुई थी। 12 मई की कीमतों पर ही 10% बढ़ी हुई इंपोर्ट ड्यूटी जोड़ें तो 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,72,480 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमत 3,04,700 रुपये प्रति 1 किलोग्राम पर पहुंच जाती है। बताते चलें कि ये कीमतें 12 मई के रेट पर आधारित हैं। हालांकि, आज बाजार खुलने के बाद बढ़ी हुई दरों के साथ सोने-चांदी की असल कीमतों का खुलासा हो जाएगा।





Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments