गर्मी के दिनों में अगर आपके घर में 1.5 टन वाला एक भी एसी लगा है तो इसे चलाने पर यह करीब 30 से 35 यूनिट बिजली खपत कर सकता है। ऐसे में बिजली का बिल आपके महीने का बजट हिला सकता है। वहीं, अगर आप घर की छत पर सोलर पैनल लगा लेते हैं तो बिजली का बिल जीरो हो सकता है और पूरे घर का लोड और एसी भी आराम से चल सकता है। सरकार सोलर पैनल लगाने में आपकी मदद करती है। इसके लिए आपको सब्सिडी भी दी जाती है।
कौन सा सोलर सिस्टम लगाएं?
अगर, आपके एरिया में बिजली बार-बार नहीं जाती है तो आप ऑन-ग्रिड सोलर सिस्टम अपने घर में लगा सकते हैं। आप दिन भर पूरे घर का लोड सोलर पैनल पर चला सकते हैं और रात के समय ग्रिड की बिजली का इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसे में दिन भर पूरे घर की बिजली पूरी फ्री में चलेगी। वहीं, अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में भी ट्रांसफर किया जाएगा, जो रात में आप इस्तेमाल कर सकते हैं।
कितने सोलर पैनल की होगी जरूरत?
जहां धूप ज्यादा आती है वहां 1kW वाला सोलर पैनल पूरे दिन भर में करीब 5 यूनिट बिजली जेनरेच करता है। ऐसे में 30 यूनिट बिजली बनाने के लिए आपको कम से कम 6kW सोलर सिस्टम लगाने की जरूरत होगी। अगर, आप 8kW का सोलर सिस्टम अपने घर पर लगवाते हैं तो एसी के साथ-साथ पूरे घर का लोड भी आसानी से चला सकते हैं। 8kW का सोलर पैनल पूरे दिन में करीब 40 यूनिट बिजली पैदा कर सकता है।
सोलर सिस्टम कैसे है फायदेमंद?
सरकार पीएम सूर्य घर- मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए भारी सब्सिडी ऑफर करती है। इस योजना के तहत 1 किलोवॉट (1KW) का सोलर सिस्टम लगाने पर लगभग 30,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है। वहीं, 2 किलोवॉट पर 60,000 रुपये और 3 किलोवॉट या इससे ज्यादा पर 78,000 रुपये की सब्सिडी मिलती है। इसके अलावा कई राज्य सरकारें भी अपनी तरफ से सब्सिडी ऑफर कर रही हैं। ऐसे में ग्राहकों को सोलर सिस्टम लगाने पर अच्छी-खासी बचत हो जाती है। इसके अलावा हर महीने 300 यूनिट्स तक की बिजली मुफ्त में दी जाती है।
यह भी पढ़ें – Xiaomi 17T की पहली सेल, 6500mAh बैटरी वाले फोन पर मिल रहे तगड़े ऑफर


