बुंदेलखंड के लोगों और चित्रकूट धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। योगी सरकार ने चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। करीब 1,008.67 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह छह लेन का ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे चित्रकूट धाम को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा। एक्सप्रेसवे तैयार होने के बाद यहां सफर पहले के मुकाबले तेज, आसान और व्यवस्थित होने की उम्मीद है। इस सड़क पर वाहन 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में परियोजना के संशोधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण पर कुल 1,008.67 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खास बात यह है कि इस परियोजना का पूरा खर्च उत्तर प्रदेश सरकार उठाएगी। इसमें केंद्र सरकार की किसी तरह की वित्तीय भागीदारी प्रस्तावित नहीं है।
15.172 किलोमीटर लंबा होगा लिंक एक्सप्रेसवे
प्रस्तावित चित्रकूट लिंक एक्सप्रेसवे की कुल लंबाई 15.172 किलोमीटर होगी। इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट एंड कंस्ट्रक्शन यानी EPC मोड पर बनाया जाएगा। एक्सप्रेसवे करीब 110 मीटर चौड़ा और छह लेन का होगा। इस पर वाहनों के लिए अधिकतम निर्धारित गति 120 किलोमीटर प्रति घंटा होगी।
बनेंगे पुल, फ्लाईओवर और 17 अंडरपास
इस परियोजना में सिर्फ सड़क निर्माण ही नहीं, बल्कि कई महत्वपूर्ण ढांचों का निर्माण भी किया जाएगा। एक्सप्रेसवे पर एक बड़ा पुल, चार छोटे पुल, एक फ्लाईओवर, 17 अंडरपास और 23 पुलिया बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसके अलावा एक टोल प्लाजा और टोल कनेक्शन के लिए बूथ भी बनाया जाएगा।
ग्लोबल टेंडर के बाद शुरू होगा काम
कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद अब परियोजना के लिए निर्माणकर्ता चुनने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए ग्लोबल बिड आमंत्रित की जाएगी। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक्सप्रेसवे के निर्माण का काम आगे बढ़ाया जाएगा।
चित्रकूट जाने वालों को होगा बड़ा फायदा
चित्रकूट धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण स्थान है। यहां हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। नया एक्सप्रेसवे बनने से बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट धाम तक पहुंचना आसान और तेज होने की उम्मीद है। दूर-दराज के इलाकों से आने वाले लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और छह लेन की प्रवेश नियंत्रित सड़क होने के कारण सफर अधिक व्यवस्थित रहेगा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज से हरिद्वार तक जाएगा गंगा एक्सप्रेसवे, यूपी कैबिनेट ने दी मंजूरी- चेक करें डिटेल्स


