बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Vidhan Sabha Seat) से बीजेपी ने उपचुनाव में अभिषेक कुमार (Abhishek Kumar) को मैदान में उतारा है. मंगलवार (07 जुलाई, 2026) को पार्टी की ओर से घोषणा की गई. अभिषेक कुमार का नाम सामने आने के बाद भले लोग चौंक गए हों लेकिन ये पार्टी के साथ लंबे समय से जुड़े हुए हैं. कई पदों पर अपनी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.
अभिषेक कुमार की बात की जाए तो वे भारतीय जनता युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष हैं. पूर्व में वे पटना महानगर युवा मोर्चा के अध्यक्ष रह चुके हैं. दो बार मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं. मंडल मंत्री एवं महामंत्री के दायित्व का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं. इससे यह तो साफ हो गया है कि बीजेपी ने काम करने वाले को मौका दिया है.
कायस्थ पर ही पार्टी ने फिर से जताया भरोसा
अभिषेक कुमार उर्फ अभिषेक बंटी कायस्थ समाज के सक्रिय सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ता हैं. लगभग 25 सालों से वह बीजेपी में हैं. अभिषेक कुमार ने कृष्णा नगर और गौतम बुद्ध मंडल की संगठनात्मक जिम्मेदारियां भी संभाली हैं. वे पटना के ही रहने वाले हैं. बोरिंग रोड में रहते हैं.
यह भी पढ़ें- बांकीपुर से बीजेपी ने घोषित किया उम्मीदवार, नितिन नवीन वाली सीट से लड़ेंगे अभिषेक कुमार
पार्टी के कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर लेते हैं हिस्सा
अभिषेक बंटी को सक्रिय नेता और कार्यकर्ता माना जाता है. पार्टी का कोई भी कार्यक्रम होता है तो वे अपनी ओर से बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं. वे बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के करीबी भी हैं. अब देखने वाली बात होगी कि इस उपचुनाव में बांकीपुर की जनता कितना भरोसा करती है.
सीएम सम्राट चौधरी ने दी बधाई
बांकीपुर से नाम के ऐलान के बाद बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अभिषेक को बधाई दी है. उन्होंने एक्स पोस्ट के जरिए कहा, “भारतीय जनता पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा बिहार विधानसभा उपचुनाव-2026 के अंतर्गत 182-बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से श्री अभिषेक कुमार जी को पार्टी का उम्मीदवार घोषित किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं. पूर्ण विश्वास है कि आपके नेतृत्व, समर्पण एवं जनसेवा के संकल्प को जनता का भरपूर आशीर्वाद प्राप्त होगा तथा आप विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए ऐतिहासिक विजय प्राप्त करेंगे. आपको सफल एवं विजयी चुनाव अभियान के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.”
यह भी पढ़ें- प्रशांत किशोर के चुनाव लड़ने पर शत्रुघ्न सिन्हा का बड़ा बयान, ‘बिहारी बाबू होने के नाते मुझे…’


