कमर्शियल व्हीकल बनाने वाली देश की दिग्गज ऑटोमोबाइल कंपनी टाटा मोटर्स को एक बड़ा ऑर्डर मिला है। टाटा मोटर्स को माल ढुलाई, लॉजिस्टिक्स और यात्री परिवहन के लिए 3,400 से ज्यादा इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल (e-CV) के ऑर्डर मिले हैं। कंपनी ने रविवार को ये जानकारी दी। कंपनी ने एक बयान में कहा कि इन ऑर्डर में लगभग 2,000 छोटे कमर्शियल व्हीकल्स और पिक-अप, 900 ट्रक और 500 बसें शामिल हैं।
टाटा मोटर्स ने शेयर बाजार को दी जानकारी में क्या बताया
टाटा मोटर्स ने शेयर बाजार एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि इन गाड़ियों का इस्तेमाल ई-कॉमर्स, लॉजिस्टिक, रोजमर्रा के इस्तेमाल वाली चीजें बनाने वाली (FMCG) कंपनियों, शहर के भीतर परिवहन सेवाओं आदि में किया जाएगा। टाटा मोटर्स ने कहा कि अलग-अलग सेक्टरों में इन गाड़ियों की तैनाती वास्तविक परिचालन परिस्थितियों में ई-परिवहन समाधान के प्रति ग्राहकों के बढ़ते भरोसे को दर्शाती है। साथ ही ये संकेत देती है कि इलेक्ट्रिक गाड़ियों का इस्तेमाल अब सिर्फ परीक्षण परियोजनाओं तक सीमित न रहकर बड़े पैमाने पर नियमित परिचालन का हिस्सा बन रहा है।
इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स पोर्टफोलियो को लगातार मजबूत कर रही है कंपनी
कंपनी ने कहा कि पिछले 12 महीनों में उसने अपने इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स पोर्टफोलियो को काफी मजबूत किया है और अलग-अलग परिचालन आवश्यकताओं तथा कार्य परिस्थितियों के अनुरूप नई पीढ़ी के इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल पेश किए हैं।
टाटा मोटर्स के इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल पोर्टफोलियो में शामिल हैं ये गाड़ियां
छोटी कमर्शियल गाड़ियों और पिक-अप सेगमेंट में टाटा के पोर्टफोलियो में Ace Pro EV, Ace EV और Intra EV मौजूद हैं। ये छोटी गाड़ियां कुशल और टिकाऊ ‘लास्ट-माइल’ और शहर के अंदर सामान पहुंचाने में अहम भूमिका निभा रही हैं। इसके साथ ही, Ultra EV रेंज (7-12T) के जरिए इंटरमीडिएट और हेवी-ड्यूटी सेगमेंट में भी विस्तार किया गया है, जिसमें भारी सामान ढोने की जरूरतों के लिए Prima EV 55T ट्रैक्टर और Prima EV 28T टिपर शामिल हैं। यात्रियों के आने-जाने के लिए कंपनी के पास Starbus EV और Ultra EV बसें मौजूद हैं, जो शहर के अंदर और शहरों के बीच चलने वाली सेवाओं में मदद कर रही हैं।
सोमवार को शेयरों में दिख सकता है एक्शन
टाटा मोटर्स को मिले इस बड़े ऑर्डर के बाद सोमवार को कंपनी के शेयरों में बड़ा एक्शन देखने को मिल सकता है। बताते चलें कि शुक्रवार को टाटा मोटर्स लिमिटेड के शेयर बीएसई पर 1.29 प्रतिशत (5.25 रुपये) की गिरावट के साथ 401.95 रुपये के भाव पर बंद हुए थे। अपने आखिरी कारोबारी सत्र में कंपनी के शेयर 400.05 रुपये के इंट्राडे लो से लेकर 410.00 रुपये के इंट्राडे हाई तक पहुंचे थे। बीएसई पर कंपनी के शेयरों का 52 वीक हाई 508.95 रुपये है, जबकि इसका 52 वीक लो 306.00 रुपये है।
ये भी पढ़ें-


