अगर आप अपने घर की छत पर सोलर पैनल लगाने का प्लान कर रहे हैं तो आपको पता होना चाहिए कि कौन सा पैनल लगाना फायदेमंद होगा? मार्केट में कई तरह के सोलर पैनल उपलब्ध हैं, जो अलग-अलग कैपेसिटी में इलेक्ट्रिसिटी जेनरेट करते हैं। जिस सोलर पैनल में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिसिटी जेनरेट करने की क्षमता होगी उसे लगाने से पूरे घर का लोड आसानी से चलेगा साथ ही, ग्रिड के बिजली पर भी निर्भरता कम होगी।
कितने तरह के होते हैं सोलर पैनल?
मार्केट में आपको मोनोक्रिस्टलाइन, पॉलीक्रिस्टलाइन और थिन-फिल्म वाले सोलर पैनल मिल जाएंगे। इनमें से मोनोक्रिस्टलाइन सोलर पैनल को इलेक्ट्रिसिटी जेनरेशन के लिए सबसे बेस्ट माना जाता है। ये पैनल सिंगल सिकिलन क्रिस्टल से बने होते हैं। इस सोलर पैनल की सबसे खास बात ये है कि यह कम धूप और तेज गर्मी में अन्य पैनल की तुलना में बेहतर इलेक्ट्रिसिटी जेनरेट कर सकता है। इसकी इलेक्ट्रिसिटी जेनरेशन कैपेसिटी 20 से 23 प्रतिशत होती है।
हालांकि, Monocrystalline सोलर पैनल आम पैनल के मुकाबले महंगे होते हैं, जिसकी वजह से इसे लगवाने में आपका ज्यादा खर्चा हो सकता है। हालांकि, इसका मतलब ये नहीं कि अन्य सोलर पैनल खराब होते हैं और इन्हें लगवाना फायदेमंद नहीं है।
सोलर पैनल
पॉलीक्रिस्टलाइन (Polycrystalline) सोलर पैनल की बात करें तो ये भी सिलिकन के बने होते हैं। इस पैनल में सिलिकन के कई टुकड़ों को आपस में पिघलाकर जोड़ा जाता है, जिसकी वजह से ये चमकीले दिखाई देते हैं। इसकी इलेक्ट्रिसिटी जेनरेशन कैपेसिटी 15 से 17 प्रतिशत तक होती है। हालांकि, अब इस तरह के सोलर पैनल की डिमांड काफी कम हो गई है। ये आमतौर पर 2020 से पहले लोग अपने घरों पर लगाते थे।
थिन-फिल्म सोलर पैनल की बात करें तो ये सामान्य क्रिस्टल मटीरियल वाले पैनल के मुकाबले बेहद पतले होते हैं। ये सिलिकन क्रिस्टल वाले पैनल के मुकाबले 350 गुना तक पतले होते हैं। इस पैनल में कैडमियम टेल्यूराइड नाम के खास मटीरियल का इस्तेमाल किया जाता है, जिसे CIGS कहा जाता है। इस पैनल की इलेक्ट्रिसिटी जेनरेशन क्षमता 11 से 16 प्रतिशत होती है।
किसे लगाना है फायदेमंद?
अगर आपको अपने घर में हाइब्रिड, ऑन-ग्रिड या ऑफ ग्रिड सोलर सिस्टम लगाना चाहते हैं तो मोनोक्रिस्टलाइन सोलर पैनल लगवाना फायदेमंद हो सकता है। हालांकि, इसमें आपको ज्यादा निवेश करना पड़ सकता है, लेकिन ये पैनल लंबे समय तक पावर जेनरेशन कर सकते हैं। इनमें भी अगर आप बाईफेशियल सोलर पैनल लगवाते हैं तो पावर जेनरेशन और बेहतर होगी।
यह भी पढ़ें – लॉन्च होते ही WhatsApp के यूजरनेम फीचर पर फंसा पेंच, सरकार करेगी जांच


