देश में इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री में लगातार तेज उछाल देखने को मिल रहा है। इसी बीच, इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार की बिक्री में भी जोरदार तेजी देखने को मिली है। इस साल मई में इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार की बिक्री 81.2 प्रतिशत की बंपर बढ़त के साथ 26,682 यूनिट्स पर पहुंच गई। जबकि, पिछले साल मई में 14,725 ही इलेक्ट्रिक पैसेंजर कारों की बिक्री हुई थी। फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (FADA) ने मंगलवार को इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री से जुड़ अहम आंकड़े साझा किए।
टाटा का दबदबा कायम
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन ने एक बयान में कहा कि टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स लिमिटेड इलेक्ट्रिक पैसेंजर कार बेचने के मामले में टॉप पर बनी रही। कंपनी की बिक्री पिछले महीने दोगुना होकर 10,340 यूनिट पर पहुंच गई। टाटा मोटर्स ने पिछले साल मई में 5,083 इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेची थीं।
महिंद्रा ने मई में बेचीं 6,210 इलेक्ट्रिक कार
टाटा के बाद, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने मई में 6,210 इलेक्ट्रिक कार बेचीं और इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर रही। महिंद्रा ने इस साल मई में, पिछले साल मई की तुलना में 114.8 प्रतिशत ज्यादा गाड़ियां बेचीं। इस कंपनी ने पिछले साल मई में 2,891 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री की थी। फाडा ने बताया कि जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर इंडिया इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रही। इस कंपनी ने मई में 4,984 इलेक्ट्रिक गाड़ियों की बिक्री की। पिछले साल मई में कंपनी ने 4,599 इलेक्ट्रिक गाड़ियां बेची थीं।
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में टीवीएस का जलवा बरकरार
इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर सेगमेंट में मई में कुल बिक्री 62.76 प्रतिशत बढ़कर 1,70,733 यूनिट रही। पिछले साल मई में कुल 1,04,896 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बिक्री हुई थी। इस साल मई में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचने वाली कंपनियों की लिस्ट में टीवीएस मोटर पहले स्थान पर रही। इस साल मई में टीवीएस की इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स की बिक्री 64.54 प्रतिशत बढ़कर 42,459 यूनिट्स पर पहुंच गई। टीवीएस ने पिछले साल मई में 25,804 टू-व्हीलर्स बेचे थे।
बजाज ऑटो दूसरे और एथर एनर्जी तीसरे स्थान पर
फाडा के आंकड़ों के मुताबिक, मई में सबसे ज्यादा इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बेचने वाली कंपनियों की लिस्ट में बजाज ऑटो दूसरे स्थान पर रही। बजाज ने मई में कुल 39,202 गाड़ियां बेचीं। बजाज ने पिछले साल मई में 22,642 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर्स बेचे थे। टीवीएस के बाद एथर एनर्जी तीसरे स्थान पर रही, जिसने 28,240 टू-व्हीलर्स बेचे। कंपनी ने पिछले साल मई में 14,101 टू-व्हीलर्स बेचे थे।
इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स की बिक्री में भी तेजी
पिछले महीने इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर्स की कुल खुदरा बिक्री 71,867 यूनिट रही। जबकि मई, 2025 में ये 66,185 यूनिट थी। वहीं, इलेक्ट्रिक कमर्शियल व्हीकल्स की कुल बिक्री मई में 2,400 यूनिट रही। जबकि मई, 2025 में ये 1,094 यूनिट थी।


