आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) दुनिया को तेजी से बदल रहा है। लेकिन अब AI कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) ने एक ऐसी चेतावनी दी है जिसने टेक्नोलॉजी जगत में नई बहस छिड़ गई है। कंपनी का कहना है कि आने वाले समय में AI खुद को बेहतर बनाने और अपने से ज्यादा ताकतवर AI सिस्टम बनाने में सक्षम हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो इंसानों के लिए AI पर कंट्रोल बनाए रखना बड़ी चुनौती बन सकता है।
एंथ्रोपिक के मुताबिक, भविष्य में AI ऐसी स्थिति तक पहुंच सकता है जहां उसे खुद को बेहतर बनाने के लिए इंसानी मदद की जरूरत नहीं होगी। इसका मतलब है कि AI अपने ही अगले और ज्यादा शक्तिशाली संस्करण को डिजाइन और विकसित कर सकेगा। कंपनी ने खुलासा किया है कि मई 2026 तक उसके कोडबेस में शामिल 80% से ज्यादा कोड Claude AI द्वारा लिखा गया था। यह दिखाता है कि AI अब केवल टूल नहीं रह गया है, बल्कि विकास प्रक्रिया का अहम हिस्सा बनता जा रहा है।
AI से बड़े फायदे भी संभव
एंथ्रोपिक का मानना है कि यह तकनीक विज्ञान, स्वास्थ्य सेवाओं और शोध जैसे क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव ला सकती है। AI की मदद से नई दवाएं, बेहतर चिकित्सा समाधान और कठिन वैज्ञानिक समस्याओं के जवाब तेजी से खोजे जा सकते हैं। हालांकि कंपनी ने चेताया है कि जितना ज्यादा AI सक्षम होगा, उतनी ही ज्यादा जरूरत उसकी निगरानी और सुरक्षा की होगी।
विशेषज्ञों ने क्या कहा?
टेक विशेषज्ञों का मानना है कि AI द्वारा AI बनाना इनोवेशन की गति को कई गुना बढ़ा सकता है। लेकिन इसके साथ जवाबदेही, सुरक्षा और कंट्रोल जैसे सवाल भी खड़े होंगे। फ्यूचर शिफ्ट लैब्स के को फाउंडर सागर विष्णोई का कहना है कि चुनौती अब AI बनाने की नहीं, बल्कि उसे सही दिशा में संचालित करने की है।
AI विकास पर रोक लगाने की मांग
एंथ्रोपिक ने सुझाव दिया है कि दुनिया की प्रमुख AI कंपनियों को मिलकर एक ऐसा तंत्र बनाना चाहिए जिससे जरूरत पड़ने पर अत्याधुनिक AI के विकास को अस्थायी रूप से रोका जा सके। कंपनी का मानना है कि इससे सुरक्षा मानकों और नियमों को मजबूत करने का समय मिलेगा। हालांकि वैश्विक स्तर पर सभी कंपनियों और देशों को एक साथ ऐसा कदम उठाने के लिए तैयार करना आसान नहीं होगा।


