What Happened To Prateek Yadav: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया. अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. शुरुआती जानकारी के मुताबिक वह लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी बीमारी और लंग्स में खून के थक्के की समस्या से जूझ रहे थे. हालांकि उनकी मौत के बाद एक और सवाल तेजी से चर्चा में है क्या जरूरत से ज्यादा फिटनेस भी शरीर के लिए खतरा बन सकती है?.
फिटनेस को लेकर थे काफी एक्टिव
प्रतीक यादव फिटनेस को लेकर काफी गंभीर माने जाते थे. उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर जिम वर्कआउट, हैवी डेडलिफ्ट और एक्सट्रीम ट्रेनिंग की कई तस्वीरें और वीडियो मौजूद हैं. वह कार ड्राइविंग और जानवरों के भी शौकीन थे। राजनीति से दूरी रखने वाले प्रतीक अक्सर अपनी फिटनेस लाइफस्टाइल की वजह से चर्चा में रहते थे.
क्या ज्यादा एक्सरसाइज हेल्थ के लिए नुकसानदायक?
हम सभी जानते हैं कि एक्सरसाइज शरीर के लिए जरूरी है. यह दिल को मजबूत बनाती है, वजन कंट्रोल रखने में मदद करती है और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करती है. लेकिन एक्सपर्ट मानते हैं कि जरूरत से ज्यादा या गलत तरीके से की गई एक्सरसाइज शरीर को नुकसान भी पहुंचा सकती है.
ओवर एक्सरसाइजिंग शरीर के लिए कितनी खतरनाक?
लुइसियाना स्थित Excel Rehabilitation Services के फिजिकल थेरेपिस्ट डेविड मिरांडा कहते हैं कि ओवर एक्सरसाइजिंग शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकती है और कई बार यह स्वास्थ्य के लिए खतरनाक भी बन जाती है. वहीं Mercy Medical Center के ऑर्थोपेडिक स्पोर्ट्स मेडिसिन सर्जन डॉ. मार्क स्लाबॉ बताते हैं कि बहुत तेजी से शरीर पर ज्यादा दबाव डालना ओवरट्रेनिंग की स्थिति पैदा कर सकता है.
इसे भी पढ़ें- Prateek Yadav Death: लंग्स में मौजूद क्लॉट कितना खतरनाक, जिससे जूझ रहे थे प्रतीक यादव? क्या इससे हो सकती है मौत?
कितनी एक्सरसाइज शरीर के लिए सही?
अमेरिकी हेल्थ विभाग के अनुसार वयस्कों को हर हफ्ते 150 से 300 मिनट तक मॉडरेट फिजिकल एक्टिविटी या 75 से 150 मिनट तक इंटेंस एक्सरसाइज करनी चाहिए. इसके साथ हफ्ते में कम से कम दो दिन स्ट्रेंथ ट्रेनिंग की सलाह दी जाती है. हालांकि एक्सपर्ट यह भी मानते हैं कि हर व्यक्ति की बॉडी अलग होती है और अपनी क्षमता से ज्यादा ट्रेनिंग करना खतरनाक हो सकता है.
क्या प्रतीक की मौत फिटनेस फ्रीक होने से हुई?
डॉक्टरों के मुताबिक ओवरट्रेनिंग तब होती है जब शरीर को रिकवरी का पर्याप्त समय नहीं मिलता. लगातार हैवी वर्कआउट, कम नींद, खराब डाइट और जरूरत से ज्यादा एक्सरसाइज शरीर पर दबाव बढ़ा सकते हैं. Emory School of Medicine के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. ओलुसेउन ओलुफाडे कहते हैं कि अगर कोई शुरुआती व्यक्ति लगातार कई दिनों तक भारी ट्रेनिंग करता है तो इससे गंभीर इंजरी का खतरा बढ़ सकता है. हालांकि अभी तक यह कहना जल्दबाजी होगी कि प्रतीक यादव की मौत का सीधा संबंध उनकी फिटनेस लाइफस्टाइल से था. डॉक्टरों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही उनकी मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.
इसे भी पढ़ें- Vitamin D Deficiency: क्या बिना बात रहता है बदन दर्द और खराब मूड, कहीं इस विटामिन की कमी से तो नहीं हो रहा ऐसा?
Disclaimer: यह जानकारी रिसर्च स्टडीज और विशेषज्ञों की राय पर आधारित है. इसे मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें. किसी भी नई गतिविधि या व्यायाम को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर या संबंधित विशेषज्ञ से सलाह जरूर लें.
Check out below Health Tools-
Calculate Your Body Mass Index ( BMI )
Calculate The Age Through Age Calculator


