Post Office Schemes: पोस्ट ऑफिस की बचत योजनाएं लंबे समय से देश के आम लोगों की सबसे भरोसेमंद बचत योजनाएं बनी हुई हैं। शेयर बाजार और म्यूचुअल फंड्स के जमाने में आज भी देश के करोड़ों लोग पोस्ट ऑफिस में अपने खून-पसीने की कमाई जमा करते हैं, ताकि उन्हें समय पर एक फिक्स और गारंटीड रिटर्न के साथ पूरा पैसा वापस मिल सके। पोस्ट ऑफिस, सीधे केंद्र सरकार के अंतर्गत काम करता है। ऐसे में, पोस्ट ऑफिस में जमा होने वाला आपका एक-एक पैसा न सिर्फ पूरी तरह से सुरक्षित है, बल्कि इस पर आपको फिक्स और गारंटीड रिटर्न भी मिलता है। यहां हम जानेंगे कि कैसे पोस्ट ऑफिस में 2,00,022 रुपये जमा कर 90,000 रुपये का फिक्स ब्याज कमाया जा सकता है?
पोस्ट ऑफिस में सभी उम्र के ग्राहकों को मिलता है बराबर ब्याज
बैंकों की तरह, पोस्ट ऑफिस भी अपने ग्राहकों के लिए एफडी खाता खोलता है। पोस्ट ऑफिस में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल की अवधि के लिए एफडी खाता खुलवाया जा सकता है। पोस्ट ऑफिस में एफडी खाते टीडी (टाइम डिपोजिट) के नाम से खोले जाते हैं। पोस्ट ऑफिस में ग्राहकों को 1 साल की एफडी पर 6.9 प्रतिशत, 2 साल की एफडी पर 7.0 प्रतिशत, 3 साल की एफडी पर 7.1 प्रतिशत और 5 साल की एफडी पर 7.5 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा है। बताते चलें कि पोस्ट ऑफिस में सभी आयु वर्ग के ग्राहकों को एफडी खातों पर बराबर ब्याज मिलता है। जबकि, बैंकों में वरिष्ठ नागरिकों और अति वरिष्ठ नागरिकों को ज्यादा ब्याज मिलता है।
2,00,022 रुपये जमा करें तो मिलेगा 90,000 रुपये का फिक्स ब्याज
अगर आप पोस्ट ऑफिस में 5 साल यानी 60 महीने की एफडी स्कीम में 2,00,022 रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 2,90,022 रुपये मिलेंगे, जिसमें 90,000 रुपये का फिक्स ब्याज शामिल है। बताते चलें कि अभी देश का कोई भी बैंक 5 साल की एफडी स्कीम पर सामान्य नागरिकों को 7.5 प्रतिशत का ब्याज नहीं दे रहा है। पोस्ट ऑफिस की एफडी स्कीम में कम से कम 1000 रुपये जमा किए जा सकते हैं। जबकि, इसमें अधिकतम जमा की कोई सीमा नहीं है। पोस्ट ऑफिस की एफडी स्कीम में आप जितना मर्जी, उतना पैसा जमा कर सकते हैं।


