प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) की देशहित में की गई अपील पर अब भोजपुरी के हिट मशीन खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) की प्रतिक्रिया आई है. शुक्रवार (22 मई, 2026) को खेसारी लाल यादव पटना पहुंचे. इस दौरान एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने बढ़ती महंगाई के बीच प्रधानमंत्री को बड़ा सुझाव दिया.
पत्रकारों ने सवाल किया कि पीएम मोदी ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल बचाएं. विदेश यात्रा कम करें. सोने की खरीदारी न करें. इस पर खेसारी लाल यादव ने कहा, “आम नागरिक होने के नाते मैं कहूंगा कि तीन-चार राज्यों में जो चुनाव हुआ उस समय भी वही महंगाई थी. उस समय भी बंद करना चाहिए था, लेकिन राजनीति है… मैं क्या बोल सकता हूं.”
केवल आम नागरिक परेशान: खेसारी
उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि जिसको बचाने के लिए वो कह रहे हैं वो लोग नहीं बचा पाएंगे. जो व्यक्ति आज गाड़ी से घूम रहा है वो कहीं न कहीं करोड़पति है. बचाने की जरूरत उनको है जिनके पास साइकिल की व्यवस्था नहीं है. परेशान केवल आम नागरिक है जिनके पास कोई व्यवस्था नहीं है.”
#WATCH पटना(बिहार): भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने कहा, “…अभी स्थिति खराब है, इसमें कौन फिल्म रिलीज करेगा। लोगों को अपना बजट बचाना है। तेल, गैस, आना-जाना सब महंगा हो गया है। ऐसे समय में मैं कोई फिल्म रिलीज नहीं करूंगा।” pic.twitter.com/ynXt7pdDE1
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 22, 2026
‘देशहित में चंदा दें, ताकि गरीबों का हो भला’
खेसारी लाल यादव ने सुझाव देते हुए कहा, “मुझे लगता है कि पीएम मोदी को जितने भी उद्योगपति हैं, जितने भी बॉलीवुड के कलाकार हैं, सबसे कहना चाहिए कि अपना देश आर्थिक स्थिति में डूबा हुआ है. सब लोग चंदा करें. उसमें खेसारी लाल यादव भी हो सकता है. क्योंकि सबने जनता से कमाया है. जितने भी आर्टिस्ट और उद्योगपति हैं उनसे बोलना चाहिए कि देशहित में चंदा दें ताकि गरीबों का भला हो सके. सब लोग सक्षम है. 100-100 करोड़ और 1000-1000 करोड़ के लोग हैं. अगर वो 10-10 करोड़, एक-एक करोड़ या 50-50 लाख रुपये भी दे दें तो अपने देशहित में यह सब चीजें महंगा करने से अच्छा है कि जिन लोगों ने भारत से कमाया है उनसे चंदा लेकर गरीबों तक पहुंचाया जाए.”
नीट पेपर लीक पर खेसारी ने कहा कि ये कोई आज लीक हुआ है? आज कितने दिन से लीक ही हो रहा है. ये तो बच्चों का विषय है. मुझे लगता है कि जेन-जी अगर आगे नहीं आई तो ऐसे ही होता रहेगा.
एनकाउंटर पर कहा- अपराधी की जाति नहीं होती
बिहार में जारी एनकाउंटर पर भी सियासत हो रही है. इससे जुड़े सवाल पर खेसारी लाल यादव ने कहा कि मैं कलाकार हूं. आप मेरे संगीत के बारे में पूछिएगा तो बेहतर बताऊंगा. अपराधी की कोई जाति नहीं होती. मुझे नहीं लगता है कि इस पर टिप्पणी करनी चाहिए.
पूछा गया कि नई फिल्म कौन सी ला रहे हैं? इस पर खेसारी लाल यादव ने कहा, “अभी तो आप देख रहे हैं कि स्थिति कितनी खराब है. इसमें कौन फिल्म रिलीज करेगा? नोटबंदी से भी बुरा हाल है. लोगों को अपना बजट बचाना है. हम लोग अभी कोई फिल्म रिलीज नहीं करेंगे. तेल महंगा हो गया है. गैस महंगा हो गया है. हर चीज महंगी हो गई है. इसमें फिल्म रिलीज करना ठीक नहीं है. ऐसे मेरी तीन-चार फिल्म रेडी है.”


