संसद का मॉनसून सत्र सोमवार (20 जुलाई) से शुरू होने जा रहा है. इस सत्र में सरकार कई अहम विधेयकों को सदन में लाने की तैयारी में है. लोकसभा के संसदीय बुलेटिन के मुताबिक कुछ विधेयकों पर चर्चा होगी, जबकि कुछ को पेश करने के बाद पारित कराने का भी प्लान है. इस लिस्ट में उद्योगों के साथ-साथ राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानून में बदलाव का भी बिल शामिल है.
सबसे पहले ‘फॉरेन कंट्रीब्यूशन (रेगुलेशन) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा होगी और इसके बाद पारित कराने की प्रक्रिया होगी. ‘विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, 2025’ भी इस सत्र का अहम विधेयक रहेगा. इस विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की रिपोर्ट लोकसभा में पेश होने के बाद उस पर चर्चा और पारित कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
आयकर (संशोधन) बिल भी होगा पेश
सरकार ‘आयकर (संशोधन) विधेयक, 2026’ भी सदन में पेश करेगी. यह विधेयक एक अध्यादेश की जगह लाया जा रहा है. इसे पेश करने के साथ ही उस पर विचार और पारित कराने की भी तैयारी है. इसी तरह ‘सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, 2026’ भी अध्यादेश की जगह लाया जाएगा. सरकार इस विधेयक को पेश करने के बाद उसी सत्र में पारित कराने का प्रयास करेगी.
‘जन्म और मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, 2026’ भी सदन में पेश होगा. इस विधेयक पर भी चर्चा के बाद इसे पारित कराने की योजना है. राष्ट्रीय सम्मान से जुड़े कानून में बदलाव के लिए ‘राष्ट्रीय सम्मान का अपमान निवारण (संशोधन) विधेयक, 2026’ भी संसद में आएगा. इस पर भी परिचय, विचार और पारित कराने की प्रक्रिया तय की गई है.
छोटे और मध्यम उद्योगों से जुड़े ‘सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विकास (संशोधन) विधेयक, 2026’ को भी इस सत्र में पेश किया जाएगा. सरकार इसे भी इसी सत्र में पारित कराने की कोशिश करेगी. कुल मिलाकर, मॉनसून सत्र में सरकार का फोकस कई महत्वपूर्ण विधेयकों को आगे बढ़ाने पर रहेगा. लोकसभा के संसदीय बुलेटिन के अनुसार इन विधेयकों पर चर्चा के साथ-साथ कई मामलों में इन्हें इसी सत्र में पारित कराने की तैयारी की गई है. लिहाजा मॉनसून सत्र इस बार काफी अहम होने वाला है.
यह भी पढ़ें : ‘चीन ने चुराया 22 करोड़ अमेरिकी वोटर्स का डेटा’, डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा आरोप, FBI-CIA को लेकर क्या कहा?


