अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने रविवार (12 जुलाई 2026) को अपने करीबी सहयोगियों में शामिल रिपब्लिकन पार्टी के सीनेटर लिंडसे ग्राहम की मौत पर शोक जताया. ट्रंप ने कहा कि लिंडसे सच्चे अमेरिकी देशभक्त थे और उन्हें उनकी बहुत कमी महसूस होगी. इस बीच ट्रंप ने कहा कि मौत से कुछ घंटे पहले उनकी लिंडसे से फोन पर बात हुई थी. उन्होंने कहा, लिंडसे मेरे लिए परिवार के सदस्य की तरह थे. हम रोज फोन पर बात करते थे और साथ में गोल्फ खेलते थे.
ट्रंप और लिंडसे के बीच क्या बातें हुई?
एनबीसी को दिए इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा, ‘ग्राहम ने मुझे शाम के समय फोन करके सेव अमेरिका एक्ट पर चर्चा की. ये ऐसा बिल है, जो चुनाव कराने के तरीके को नया रूप देगा, लेकिन सीनेट से पारित होने के लिए इसे पर्याप्त समर्थन नहीं मिला है. सीएनएन के स्टेट ऑफ द यूनियन कार्यक्रम में ट्र्ंप ने कहा, ‘ग्राहम फोन पर मुझे अपनी यात्रा के बारे में भी बता रहे थे. ग्राहम डेमोक्रेट्स के साथ मुद्दों को सुलझा सकते थे. अगर मुझे किसी डेमोक्रेट से कोई समस्या होती, तो वह उसका समाधान निकाल लेते थे.’
ट्रंप के आलोचक रहे थे लिंडसे
ग्राहम ने ट्रंप पर रूस के खिलाफ युद्ध में यूक्रेन का समर्थन करने के लिए दबाव डाला था. मृत्यु से एक दिन पहले शुक्रवार (10 जुलाई 2026) को उन्होंने कीव में यूक्रेनी राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की से मुलाकात की थी. उन्होंने ट्रंप से ईरान के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने का आग्रह किया था और सैन्य कार्रवाई की वकालत की थी. जब ट्रंप ने पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए चुनाव लड़ा था, तब ग्राहम उनके आलोचक थे. उस दौरान ग्राहम ने ट्रंप के अभियान की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे विदेशी नागरिकों से नफरत (जेनोफोबिया), नस्लीय विद्वेष और धार्मिक कट्टरता पर आधारित बताया था.
ट्रंप ने बताया कैसे हुई लिंडसे से दोस्ती
ग्राहम ने सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया था कि उन्होंने 2016 के आम चुनाव में न तो डोनाल्ड ट्रंप को वोट दिया और न ही डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन को. हालांकि, समय के साथ दोनों के रिश्तों में बड़ा बदलाव आया. खुद डोनाल्ड ट्रंप ने ‘मीट द प्रेस’ कार्यक्रम में इस बदलाव का जिक्र करते हुए कहा कि 2016 के अभियान के दौरान जब उन्होंने दक्षिण कैरोलिना की प्राइमरी जीती, तो ग्राहम ने इसका सम्मान किया. ट्रंप ने कहा, ‘इसके बाद हम थोड़े दोस्त बन गए और हमारी दोस्ती लगातार बढ़ती गई. वह एक अद्भुत समर्थक साबित हुए हैं और उनके जैसा व्यक्ति मिलना मुश्किल है.’


