अयोध्या के राम मंदिर से चंदा चोरी मामले को लेकर विपक्ष लगातार केंद्र की मोदी और यूपी की योगी सरकार पर हमलावर है. इसी कड़ी में ताजा बयान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के बेटे और कर्नाटक सरकार में मंत्री प्रियांक खरगे का आया है. कर्नाटक के मंत्री ने पीएम नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा.
बेंगलुरु में शनिवार (27) जून को पत्रकारों से बात करते हुए प्रियांक खरगे ने इंडिया गठबंधन का जिक्र कर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए. इस दौरान पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि तो प्रधानमंत्री इस पर ‘मन की बात’ कब करेंगे? प्राण प्रतिष्ठा प्रधानमंत्री ने की, उद्घाटन प्रधानमंत्री ने किया. अब प्रधानमंत्री की आवाज कहां है?
VIDEO | Bengaluru: Karnataka Minister Priyank Kharge on Ayodhya Ram temple donation case, says, “So when is the Prime Minister doing ‘Mann Ki Baat’ on this? The Pran Pratishthapan was done by the Prime Minister, inauguration was done by the Prime Minister. Where is the Prime… pic.twitter.com/6hyKHO3cSW
— Press Trust of India (@PTI_News) June 27, 2026
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कांग्रेस नेता प्रियांक खरगे ने कहा कि योगी आदित्यनाथ की आवाज कहां है? मैंने कल उनका बयान सुना, वे कह रहे हैं कि राम भक्तों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ न करें, तो भावनाओं के साथ खिलवाड़ किसने किया? उन्होंने सवाल पूछते हुए कहा कि क्या कांग्रेस, सपा या इनमें से किसी पार्टी के नेता इसमें शामिल थे? नहीं. देखिए, आपके लोग ही इसमें शामिल थे.
लोगों की आस्था की रक्षा करने में नाकाम: प्रियांक
प्रियांक खरगे ने बीजेपी को घेरते हुए कहा कि आप लोगों की आस्था की रक्षा करने में नाकाम रहे हैं. उन्होंने कहा कि मैं यह बात दो हफ़्ते से कह रहा हूं. ये वही लोग हैं जिन्होंने राम के नाम पर लूट-खसोट की है. उन्होंने आगे कहा कि ये वही लोग हैं जो धर्म के नाम पर राजनीति करते हैं. इनसे किसी अच्छी चीज की उम्मीद नहीं की जा सकती.
राम मंदिर से चंदा चोरी मामले की पूरे देश में जोरों से चर्चा हो रही है. वहीं, सरकार की ओर से भी इस मामले में लगातार एक्शन लिया जा रहा है. इस विवाद में अबतक 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. इसके अलावा राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्रा भी नैतिक आधार पर अपना पद छोड़ चुके हैं.


