हाल ही में रिलीज हुई अनन्या पांडे और लक्ष्य की फिल्म ‘चांद मेरा दिल’ को लेकर एक विवाद खड़ा हो गया हैं. फिल्म में अनन्या पांडे को भरतनाट्यम डांस को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रखा हैं. सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने उन्हें ट्रोल किया है और उनके डांस पर नाराजगी जताई. इसी बीच अब भरतनाट्यम के गुरु और पद्म अवॉर्ड सम्मानित भरतनाट्यम डांसर्स ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी हैं.
भरतनाट्यम डांसर्स ने की आलोचना
पद्म विभूषण से सम्मानित भरतनाट्यम डांसर सोनल मानसिंह ने नाराजगी जताते हुए लिखा, ‘अनन्या का ये भरतनाट्यम फिल्ममेकर्स, एक्टर्स और म्यूजिशियन्स के लिए एक सबक होना चाहिए कि हमारी परंपराओं का सम्मान करना सीखें. जिस चीज की जानकारी या ट्रेनिंग न हो, उसे सिर्फ दिखावे के लिए नहीं करना चाहिए. हॉलीवुड फिल्मों में बैले डांस के लिए ट्रेनिंग मिले डांसर्स को लिया जाता है, वहां एक्टर्स को यूं ही नहीं नचाया जाता. बॉलीवुड में इस तरह सम्मान की कमी देखकर दुख होता है. एक भरतनाट्यम डांसर होने के नाते मैं आहत हूं.’
वहीं पद्म श्री सम्मानित डांसर प्रतिभा प्रह्लाद ने कहा, ‘अनन्या का भरतनाट्यम करने का तरीका ऐसा लगा जैसे इस परंपरा को सिर्फ एक दिखावे की चीज बना दिया गया हो. भरतनाट्यम कोई ट्रेंड नहीं है, बल्कि यह 3000 साल पुरानी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कला है, जिसे गुरुओं और कलाकारों ने वर्षों की साधना से आगे बढ़ाया है. जब बिना सही ट्रेनिंग और सम्मान के इसे किया जाता है, तो इसकी आत्मा खत्म हो जाती है और यह सिर्फ नकल बनकर रह जाती है.’
इसके अलावा भरतनाट्यम गुरु रामा वैद्यनाथन ने कहा, ‘अगर आपने किसी डांस फॉर्म की ट्रेनिंग नहीं ली है, तो उसे करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए. अगर फिल्म में भरतनाट्यम दिखाना है, तो किसी ऐसी एक्ट्रेस को लेना चाहिए जिसे इसकी सही ट्रेनिंग हो. हमारे पास ऐसी कई कलाकार हैं.’
पिता चंकी पांडे ने किया समर्थन
हालांकि इन आलोचनाओं के बीच अनन्या पांडे के पिता और एक्टर चंकी पांडे ने उनका समर्थन किया और ई टाइम से बातचीत में कहा, ‘मुझे लगता है कि लोगों ने इसे पूरी तरह गलत तरीके से लिया. ये कभी भी शुद्ध भरतनाट्यम दिखाने के लिए नहीं बनाया गया था. ये एक फ्यूजन परफॉर्मेंस थी, जैसा अक्सर कॉलेज के सोशल या कल्चरल इवेंट्स में देखने को मिलता है. भरतनाट्यम सीखने में कई सालों की मेहनत और ट्रेनिंग लगती है. करीब 20 साल की कड़ी साधना और अनुशासन चाहिए होता है. ये बहुत तकनीकी और कठिन डांस फॉर्म है.’
उन्होंने आगे कहा, ‘ये पारंपरिक और फ्यूचरिस्टिक डांस फॉर्म्स का फ्यूजन है. इसे क्लासिकल डांस रेसिटल की तरह नहीं देखना चाहिए. मैं लोगों से बस यही कहना चाहूंगा कि पहले फिल्म देखें और उसका कॉन्टेक्स्ट समझें, फिर अपनी राय बनाएं.’
चंकी पांडे की आने वाली फिल्म
बता दें कि अनन्या पांडे और लक्ष्य की ‘चांद मेरा दिल’ 22 मई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई हैं, जो एक रोमांटिक फिल्म हैं. इसकी कहानी एक इंजीनियरिंग कॉलेज के बैकग्राउंड पर है, जहां दो स्टूडेंट्स की लव स्टोरी देखने को मिलती हैं. वहीं बात करें चंकी पांडे की, तो उनकी आने वाली फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ 5 जून को रिलीज हो रही हैं, जिसे डेविड धवन ने निर्देशित किया हैं.


