हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में आगामी पंचायत चुनाव के लिए तैयार किए जा रहे दो मतपत्रों के गायब होने के बाद पुलिस ने सोमवार को आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया. मतपत्र सोलन जिले के कुनिहार क्षेत्र में तैयार किए जा रहे थे. जांच के दौरान दो मतपत्र गायब पाए गए, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की गई.
सोलन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
हिमाचल प्रदेश में 3,754 ग्राम पंचायतों के लिए चुनाव 26, 28 और 30 मई को तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे. इन चुनावों में कुल 31,182 पदों के लिए मतदान होगा, जिनमें 21,654 ग्राम पंचायत सदस्य, 3,754 प्रधान, 3,754 उपप्रधान, 1,679 पंचायत समिति सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं.
ग्राम पंचायत, प्रधान और उपप्रधान पदों के परिणाम मतदान वाले दिन ही घोषित किए जाएंगे, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के नतीजे 31 मई को घोषित होंगे.
राज्य में 50,79,048 से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जिनमें 25,11,249 महिला, 25,67,770 पुरुष और 29 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं. कुल मतदाताओं में से 52,350 पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे.


