Forex Trading Scam: डिजिटल भारत लोगों के लिए जितना फायदेमंद और सहूलियत भरा है, उतनी ही बड़ी सिरदर्दी भी बन गया है. डिजिटल दुनिया में कई ठग आकर बैठ गए है, जो लोगों को ऑनलाइन फ्रॉड का शिकार बनाते रहते हैं. हाल ही में हैदराबाद में एक शख्स के साथ फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर ठगी की गई. जिसमें शख्स ने करीब 1 करोड़ रुपये गंवा दिए.
फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर हुई ठगी
दरअसल हैदराबाद में रहने वाले 51 वर्षीय शख्स जो एक प्राइवेट कंपनी में कर्मचारी हैं, उनके साथ ऑनलाइन फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर ठगी हुई. जिसकी शिकायत उन्होंने साइबराबाद पुलिस को दी है. इस शिकायत में पीड़ित ने बताया कि, 9 मार्च को उन्हें टेलिग्राम ऐप पर एक मैसेज आया. ये मैसेज एक ठग ने भेजा था, जिसने अपना नाम रोनाल्ड ब्राउन बताया और निवेश के नाम पर उन्हें फंसाने की कोशिश की. आरोपी ने खुद को लंदन की एक स्टॉक ट्रेडिंग कंपनी से जुड़ा बताया और फॉरेक्स ट्रेडिंग में एक्सपर्ट गाइडेंस देने का भरोसा दिलाया.
ये भी पढ़ें: सप्लाई संकट और बढ़ता भाव… महंगाई से वेंडरों के सामने आजीविका का संकट, ग्राहकों ने भी फेरा मुंह
लालच देकर की ठगी
इसके बाद ठग ने पीड़ित को m.roewatson.com और m.ftmohub.cc जैसी वेबसाइट्स पर ट्रेडिंग अकाउंट खोलने और पैसा निवेश करने के लिए कहा, साथ ही हर रोज 1,000 डॉलर से ज्यादा कमाई का झांसा दिया. बाद में निशा और हरिणी नाम की दो महिलाओं ने उनसे संपर्क किया, वो दोनों उन्हें ट्रेडिंग के बारे में समझाती रहीं और ज्यादा मुनाफे के लिए बार-बार बड़ी रकम निवेश करने के लिए कहती रहीं. इसके बाद पीड़ित को एक बैंक अकाउंट डिटेल भेजी गई और उसमें भारतीय रुपया जमा करने को कहा गया, जिसके बाद पीड़ित ने 9 मार्च से 20 अप्रैल के बीच करीब 1.08 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए. उसे लगा कि ये भारतीय रुपये, डॉलर में कन्वर्ट होकर उसके पास आएंगे लेकिन ऐसा नहीं हुआ.
शिकायत पर हो रही कार्रवाई
जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की, तो ठगों ने उससे पहले टैक्स और कन्वर्जन चार्ज देने की मांग की. शक होने पर उसने वेबसाइट्स की जांच की, तो पता चला कि वे फर्जी हैं. इसके बाद आनन फानन में शिकायत दर्ज की गई. फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें: Gold News: विदेशों से अपना सोना क्यों वापस ला रहा भारत, RBI के कदम से वित्तीय बाजारों में हलचल
कहीं आप भी तो नहीं हो रहे शिकार?
ऑनलाइन ठगी के मामले इन दिनों काफी बढ़ते जा रहे हैं. ऐसे में कहीं आप भी इस तरह के स्कैम का शिकार तो नहीं हो रहे हैं? इससे बचने के लिए आपको कुछ सावधानियां बरतना होंगी, जो इस प्रकार हैं:
- यदि कोई अनजान व्यक्ति आपको ऐसा कुछ ऑफऱ कर रहा है तो सावधान रहें. टेलिग्राम, व्हॉट्सएप या सोशल मीडिया पर भेजे गए लिंक पर क्लिक ना करें.
- किसी भी वेबसाइट को खोलने से पहले या उसमें अपनी डिटेल्स डालने से पहले उसकी जांच जरूर करें.
- ज्यादा मुनाफा के लालच यदि कोई देता है, तो उसके जाल में ना फंसे बल्कि सतर्क रहें. क्योंकि असली निवेश में जोखिम होता है ना कि कोई गारंटी.
- किसी को भी अपनी निजी जानकारी जैसे ओटीपी, बैंकिंग डिटेल्स आदि ना शेयर करें.
- किसी भी ऑनलाइन वेबसाइट को खोलने से पहले गूगल या किसी अन्य प्लेटफॉर्म पर उसके रिव्यू जरूर पढ़ लें.
- किसी भी प्रकार का शक होने पर तुरंत की साइबर क्राइम पोर्टल या पुलिस में शिकायत दर्ज करवाएं.


