बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार (1 मई 2026) को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर पिछली रात मतगणना केंद्र के सामने ‘ड्रामाबाजी’ करने का आरोप लगाया. भवानीपुर स्थित बीजेपी चुनाव कार्यालय में उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहे दो दिन और इस तरह का नाटक करती रहें, लेकिन इससे नतीजे नहीं बदलेंगे.
ड्रामेबाजी कर रहीं ममता बनर्जी: शुभेंदु अधिकारी
भवानीपुर निर्वाचन क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस प्रमुख के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले शुभेंदु ने कहा, ‘वह (ममता बनर्जी) जो कर रही हैं वह ड्रामेबाजी से कम नहीं है. वह वॉशरूम जैसी सुविधाओं से लैस गाड़ी में मतगणना केंद्र पहुंचीं और वहां चार घंटे तक रहीं. अगर वह परिणाम बदलना भी चाहती हैं, तो ऐसा कभी नहीं होगा.’ उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी चार मई तक मतगणना केंद्र पर रुकना चाहती थीं.
उन्होंने कहा, ‘सतर्क बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस वाहन को देखकर उनकी साजिश को विफल कर दिया. चूंकि उनके लिए लंबे समय तक रहने की कोई उचित जगह नहीं थी, इसलिए उन्हें वापस लौटना पड़ा. पश्चिम बंगाल में उनका (ममता का) सत्ता से बाहर होना तय है. पूर्वी मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम से भी चुनाव लड़ रहे शुभेंदु एक उम्मीदवार के रूप में सखावत गर्ल्स मतगणना केंद्र गए थे.
बंगाल में बीजेपी आ रहा है: शुभेंदु
उन्होंने ममता बनर्जी के ईवीएम में हेराफेरी के आरोपों पर कहा, “उनकी योजना क्या है? वह जो कुछ भी कर रही हैं, वह सही नहीं है. वह हताश हैं क्योंकि वह हार रही हैं. पश्चिम बंगाल में परिवर्तन हो रहा है और यह बात सभी जानते हैं. सही नतीजे चार मई की दोपहर तक पता चल जाएंगे, लेकिन बीजेपी की सरकार आ रही है.”
ममता बनर्जी गुरुवार (30 अप्रैल 2026) शाम को ईवीएम में हेराफेरी की आशंका जताते हुए भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतगणना केंद्र पहुंची थीं. दक्षिण कोलकाता के सखावत मेमोरियल स्कूल में मतगणना केंद्र से आधी रात के बाद रवाना हुईं ममता ने कहा कि निर्धारित मतगणना क्षेत्र में केवल एक व्यक्ति को ही प्रवेश की अनुमति होगी. उन्होंने मतगणना से पहले कड़ा रुख अपनाते हुए कहा, ‘अगर मतगणना प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी करने की साजिश रची जाती है तो इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.’


