फ्लिपकार्ट और उबर ने बुधवार को एक खास पार्टनरशिप की घोषणा की। इस पार्टनरशिप के तहत फ्लिपकार्ट के ‘सुपरकॉइन्स’ रिवॉर्ड प्रोग्राम को उबर की कैब सर्विस के साथ जोड़ा गया है। इस साझेदारी के तहत, यूजर्स अपने फ्लिपकार्ट और उबर अकाउंट को लिंक कर उबर के जरिए बुक किए गए प्रत्येक राइड पर अपने किराये का 4 प्रतिशत ‘सुपरकॉइन्स’ के रूप में प्राप्त कर सकते हैं। प्रत्येक यात्रा पर अधिकतम 150 कॉइन्स तक का रिवॉर्ड प्राप्त किया जा सकता है। हालांकि, कुल रिवॉर्ड पर कोई लिमिट नहीं है। उबर राइड से मिले ये सुपरकॉइन्स सीधे यूजर के फ्लिपकार्ट अकाउंट में क्रेडिट होंगे और इन्हें फ्लिपकार्ट के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स जैसे फ्लिपकार्ट मिनट्स, क्लियरट्रिप और अन्य पार्टनर ऑफर्स पर रिडीम किया जा सकता है।
नए उबर यूजर्स को भी मिलेंगे फ्लिपकार्ट सुपरकॉइन्स
इस पार्टनरशिप के तहत सीमित समय के लिए स्पेशल इंसेंटिव भी दिए जा रहे हैं। नए उबर यूजर्स या वे यूजर्स जिन्होंने पिछले 84 दिनों में ऐप का इस्तेमाल नहीं किया है, वे अकाउंट लिंक करने के 28 दिनों के अंदर अपनी पहली राइड पूरी करने पर 150 बोनस सुपरकॉइन्स प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा, जो यूजर्स 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच अपने फ्लिपकार्ट और उबर अकाउंट को लिंक करते हैं और 28 दिनों के अंदर अपनी पहली राइड पूरी करते हैं, वे एक्स्ट्रा 50 बोनस सुपरकॉइन्स भी प्राप्त कर सकते हैं।
रोजमर्रा की मोबिलिटी को यूजर्स के लिए ज्यादा मूल्यवान बनाना फोकस
फ्लिपकार्ट के वाइस प्रेसिडेंट (पेमेंट्स और सुपरकॉइन्स) गौरव अरोड़ा ने उबर के साथ इस पार्टनरशिप पर कहा, ”सुपरकॉइन्स रोजमर्रा के उपयोग के मामलों में एक व्यापक रिवॉर्ड प्रोग्राम के रूप में विकसित हो रहा है। मोबिलिटी इसका स्वाभाविक विस्तार है और उबर के साथ ये पार्टनरशिप हमें ग्राहकों के डेली ट्रांजैक्शन्स के तरीके में ज्यादा सहजता से एकीकृत होने की अनुमति देती है। समय के साथ, हम परिवेश में गहन सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए सुपरकॉइन्स को अलग-अलग श्रेणियों में विस्तारित करना जारी रखेंगे।” उबर इंडिया और दक्षिण एशिया के डायरेक्टर (बिजनेस डेवलपमेंट) अर्नब कुमार ने कहा कि हमारा फोकस रोजमर्रा की मोबिलिटी को यूजर्स के लिए और ज्यादा सहज और मूल्यवान बनाना है।


