नोएडा: नवनिर्मित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। मंत्रालय के सूत्रों के मुताबिक, नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला पहला विमान लखनऊ जाएगा, जिसमें किसान सवार होंगे।
इस विमान को 15 जून की सुबह मंत्रालय और DGCA के अधिकारियों के साथ-साथ NIAL के अधिकारियों (जिनमें एयरपोर्ट CEO भी शामिल हैं) की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
घरेलू उड़ानों के साथ कमर्शियल ऑपरेशन भी होगा शुरू
नोएडा एयरपोर्ट 15 जून से घरेलू उड़ानों के साथ कमर्शियल ऑपरेशन शुरू करने के लिए तैयार है। इस प्रक्रिया में अलग-अलग सिस्टम, प्रोसेस और स्टेकहोल्डर्स के बीच तालमेल की जांच की जा चुकी है, जिसमें एयरपोर्ट का जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे विज़ुअल डॉकिंग गाइडेंस सिस्टम (VDGS), पैसेंजर बोर्डिंग ब्रिज और ग्राउंड पावर सिस्टम शामिल थे।
अभ्यास के दौरान इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (ILS) और रिक्वायर्ड नेविगेशन परफॉर्मेंस (RNP) अप्रोच प्रक्रियाओं का भी दोबारा सत्यापन किया जा चुका है।
पिछले महीने, इंडिगो ने भी घोषणा की थी कि वह 15 जून से जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट ऑपरेशन शुरू करेगी।
आस-पास के शहरों को मिलेगा काफी फायदा
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के खुलने से आस-पास के शहरों को काफी फायदा होगा। सालों की प्लानिंग और कंस्ट्रक्शन के बाद यह एयरपोर्ट खुल रहा है। इससे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाज़ियाबाद, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा व राजस्थान के कुछ इलाकों के यात्रियों के लिए सफर का अनुभव बदल जाएगा।
पहले यूपी के जिन यात्रियों को इंटरनेशनल फ्लाइट लेने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचना पड़ता था, अब वह नोएडा एयरपोर्ट से ही फ्लाइट पकड़ सकेंगे।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट कैसे पहुंचें?
जो यात्री नोएडा एयरपोर्ट पहुंचना चाहते हैं और यहां से फ्लाइट पकड़ना चाहते हैं, उनके लिए कैब सर्विस सबसे ज्यादा सुविधाजनक रहेगी। यात्री एयरपोर्ट टैक्सी, ओला, उबर और रैपिडो जैसी सर्विस का इस्तेमाल करके एयरपोर्ट पहुंच सकते हैं। अभी एयरपोर्ट तक मेट्रो की सीधी कनेक्टिविटी नहीं है। ऐसे में यात्रियों को शुरुआत में सड़क मार्ग का ही इस्तेमाल करना होगा।
कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए अधिकारी एयर-कंडीशंड इलेक्ट्रिक बस सर्विस शुरू करने की योजना बना रहे हैं। जल्द ही ये बस सर्विसेज शुरू हो जाएंगी। भविष्य में इस एयरपोर्ट तक कनेक्टिविटी के और भी ज्यादा अच्छे होने की उम्मीद है।


