अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ जारी तनाव के बीच एक बार फिर टैरिफ पॉलिसी में बदलाव का ऐलान कर दिया है। डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका अगले हफ्ते यूरोपीय संघ (EU) से आयात होने वाली कारों और ट्रकों पर टैरिफ बढ़ाकर 25 प्रतिशत कर देगा। इस कदम से वैश्विक अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यूरोपीय संघ ‘हमारे सहमत व्यापार समझौते का पालन नहीं कर रहा है’। हालांकि, उन्होंने अपने आरोपों की विस्तार से जानकारी नहीं दी।
अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच पिछले साल जुलाई में हुआ था व्यापार समझौता
अमेरिकी राष्ट्रपति और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला फॉन डेर लेएन के बीच पिछले साल जुलाई में एक व्यापार समझौता हुआ था, जिसके तहत ज्यादातर वस्तुओं पर 15 प्रतिशत टैरिफ की लिमिट तय की गई थी। ये टैरिफ स्ट्रक्चर ‘टर्नबेरी समझौता’ के नाम से जाना जाता है, जिसका नाम स्कॉटलैंड में ट्रंप के गोल्फ कोर्स पर रखा गया था। दोनों पक्षों ने पहले इस समझौते को बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई थी। हालांकि, इस साल अमेरिकी उच्चतम न्यायालय के एक फैसले के बाद इस समझौते को लेकर अनिश्चितता पैदा हो गई। शीर्ष अदालत ने कहा था कि ट्रंप के पास आर्थिक आपातकाल घोषित कर यूरोपीय संघ के उत्पादों पर टैरिफ लगाने का कानूनी अधिकार नहीं है। इस फैसले के बाद टैरिफ लिमिट प्रभावी रूप से 10 प्रतिशत तक सीमित हो गई।
यूरोपीय संघ में जर्मनी, फ्रांस, इटली समेत 27 देश शामिल
हालांकि, ट्रंप प्रशासन व्यापार असंतुलन और राष्ट्रीय सुरक्षा जोखिमों की जांच कर रहा है, ताकि नया टैरिफ स्ट्रक्चर लागू किया जा सके। इसकी वजह से यूरोपीय संघ के साथ समझौते के उल्लंघन का खतरा पैदा हो सकता है। बताते चलें कि यूरोपीय संघ में ऑस्ट्रिया, बेल्जियम, डेनमार्क, फिनलैंड, फ्रांस, जर्मनी, ग्रीस, हंगरी, आयरलैंड, इटली, लक्जमबर्ग, पोलैंड, पुर्तगाल, स्पेन और स्वीडन समेत कुल 27 सदस्य देश शामिल हैं।
2024 में अमेरिका और यूरोप के बीच हुआ था 1.7 लाख करोड़ यूरो का व्यापार
यूरोपीय संघ का कहना है कि इस द्विपक्षीय समझौते से यूरोपीय ऑटोमोबाइल कंपनियों को हर महीने 50 से 60 करोड़ यूरो की बचत हो सकती थी। आंकड़ों के अनुसार, 2024 में अमेरिका और यूरोपीय संघ के बीच वस्तुओं एवं सेवाओं का व्यापार 1.7 लाख करोड़ यूरो (करीब दो लाख करोड़ डॉलर) रहा, जो औसतन प्रतिदिन 4.6 अरब यूरो के बराबर है। यूरोपीय आयोग ने फरवरी में कहा था कि अमेरिका को समझौते के तहत अपनी प्रतिबद्धताओं का पालन करना चाहिए और टैरिफ लिमिट से ज्यादा बढ़ोतरी नहीं करनी चाहिए।


