फीफा वर्ल्ड कप 2026 (FIFA World Cup 2026) की शुरुआत होने में अब कुछ ही दिन का वक्त बचा है. टूर्नामेंट की शुरुआत 12 जून से होगी. इससे पहले विश्व कप को लेकर चर्चा तेज हो चुकी है. इसी बीच हम आपको फीफा विश्व कप की ट्रॉफी को लेकर कुछ अहम जानकारी से रूबरू करवाएंगे. फीफा की ट्रॉफी 6 किलोग्राम की होती है, जो सोने से बनी होती है.
अब सवाल यह उठ रहा है कि सोने से बनी फीफा की ट्रॉफी हर बार दी जाती है? यहां आपको इसका जवाब मिलेगा. इसके अलावा ट्रॉफी की कीमत पर भी बात होगी.
क्या हर बार मिलती है 6kg सोने की ट्रॉफी?
तो आपको बता दें कि खिताब जीतने वाली टीम को हर बार ओरिजनल ट्रॉफी नहीं मिलती है. जीतने वाली टीम को सिर्फ जश्न के लिए असली ट्रॉफी दी जाती है. इसके बाद ट्रॉफी को ज्यूरिख में स्थित मुख्यालय में भेज दिया जाता है. फिर जीतने वाली टीम को रेप्लिका ट्रॉफी दे दी जाती है, जो कांस्य (Bronze) से बनी होती है और उस पर सोने की परत चढ़ी होती है.
कितनी है असली ट्रॉफी की कीमत?
फाफी की असली ट्रॉफी की कीमत सिर्फ सोने की कीमत से नहीं बल्कि कई और तरीकों से आंकी जाती है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फीफा विश्व कप ट्रॉफी की कीमत करीब 20 मिलियन अमेरिकी डॉलर (करीब 190 करोड़ रुपये) है. हालांकि ट्रॉफी की आधिकारिक कीमत को लेकर कोई जानकारी मौजूद नहीं है.
अर्जेंटीना ने जीता था पिछला खिताब
अर्जेंटीना इस बार के टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन के रूप में मैदान पर उतरेगी. लियोनल मेसी वाली अर्जेंटीना ने पिछले यानी 2022 के वर्ल्ड कप में फ्रांस को फाइनल में हरा दिया था. खिताबी मुकाबला बड़ा ही दिलचस्प हुआ था. 90 मिनट के फुल टाइम और 30 मिनट के एक्स्ट्रा टाइम में दोनों टीमों का स्कोर 3-3 से बराबरी पर था. इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में अर्जेंटीना ने 4-2 से जीत हासिल करके खिताब अपने नाम किया था.
यह भी पढ़ें: Watch: रोड पर ‘भीख’ मांगने लगे युजवेंद्र चहल, शिखर धवन ने लगाई फटकार; वीडियो वायरल


