बर्लिन3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

राहुल ने 18 अक्टूबर को बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित था। कांग्रेस ने सोमवार रात इस बातचीत का एक घंटे लंबा वीडियो जारी किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बीजेपी पर भारतीय संविधान को खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। राहुल ने कहा- बीजेपी संविधान की उस मूल भावना को खत्म करना चाहती है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देती है।
राहुल 17 से 19 दिसंबर तक जर्मनी की यात्रा पर पहुंचे थे। इस दौरान 18 अक्टूबर को उन्होंने बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल में छात्रों को संबोधित किया था। कांग्रेस ने सोमवार रात इस बातचीत का एक घंटे लंबा वीडियो जारी किया। वीडियो में राहुल ने कहा,
बीजेपी राज्यों की समानता, भाषाओं की समानता और धर्मों की समानता के विचार को खत्म करने की बात कर रही है। बीजेपी ने देश की संस्थाओं पर भी पूरा कब्जा कर लिया है

राहुल ने कहा- लोकतांत्रिक संस्थाएं स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रही हैं। CBI और ED जैसी एजेंसियों का राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। हम सिर्फ बीजेपी से नहीं लड़ रहे, हम उनके भारतीय संस्थागत ढांचे और एजेंसियों पर कब्जे के खिलाफ भी लड़ रहे हैं।

राहुल गांधी की बड़ी बातें…
- हमने तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश के चुनाव जीते हैं। हमने हरियाणा के चुनाव भी जीते हैं, इसमें कोई शक नहीं है। मैंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाया कि एक ब्राजील की महिला हरियाणा के मतदाता सूची में थी। जब हमने यह प्रश्न चुनाव आयोग से पूछे तो उन्होंने जवाब नहीं दिया। हमें लगता है कि महाराष्ट्र के चुनाव भी निष्पक्ष नहीं थे।
- हम इस समय देश और दुनिया में बड़े बदलाव के दौर से गुजर रहे हैं। पहले भारत को अमेरिका के प्रभुत्व वाले दुनिया से फायदा हुआ, जहां अमेरिका दुनिया के नियम बनाता था, भले इसमें कुछ गलतियां थीं। अब अमेरिका की ताकत सेना, अर्थव्यवस्था और पैसा संबंधी मामलों में चुनौती का सामना कर रही है। साथ ही अमेरिका के अपने अंदर भी कई समस्याएं हैं।
- एक बड़ी चुनौती यह है कि उत्पादन का काम ज्यादातर चीन के हाथ में चला गया है। इसके कारण भारत, अमेरिका या जर्मनी जैसे देश केवल सेवा क्षेत्र से बड़े पैमाने पर रोजगार नहीं पैदा कर सकते। मैन्युफैक्चरिंग और उत्पादन बहुत जरूरी हैं, लेकिन अब यह क्षेत्र चीन के पास ज्यादा है।

- भारत में बड़े पैमाने पर रोजगार केवल मैन्युफैक्चरिंग से ही पैदा हो सकते हैं। लेकिन बीजेपी ने कुछ बड़े बिजनेस ग्रुप्स जैसे अडानी और अंबानी पर ज्यादा ध्यान देकर इसे रोक दिया है, जो उत्पादन की बजाय व्यापार पर जोर देते हैं। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों को नोटबंदी और GST जैसी नीतियों से नुकसान हुआ।
- जो कुछ हो रहा है वह भारत के दो दृष्टिकोणों के बीच संघर्ष है। एक दृष्टिकोण एक सशक्त नेता (BJP और RSS) के शासन में विश्वास करता है, जबकि दूसरा मानता है कि भारत को बातचीत, सहमति और अपने विविध राज्यों और संस्कृतियों की आवाजों के माध्यम से चलाया जाना चाहिए।
- भारत इतना बड़ा और विविध देश है कि इसका भविष्य केवल एक व्यक्ति तय नहीं कर सकता। हमारा संविधान इसे राज्यों का संघ मानता है, जहां सभी की राय सुननी चाहिए। लेकिन नई सरकार (BJP) इस पर चर्चा नहीं करना चाहती।

राहुल के साथ बर्लिन स्थित हर्टी स्कूल के भारतीय मूल के छात्रों ने फोटो भी ली।
राहुल ने कहा- RSS के लिए सच्चाई नहीं, शक्ति जरूरी
इससे पहले उनके हर्टी स्कूल में संवाद की कुछ जानकारी 18 दिसंबर को सामने आई थी। इसमें राहुल ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) चीफ मोहन भागवत की आलोचना की थी। राहुल ने कहा था- RSS चीफ खुले तौर पर कह रहे हैं कि सच्चाई का कोई महत्व नहीं है, शक्ति महत्वपूर्ण है। यही उनमें और हममें अंतर है।

जर्मनी के तीन दिन के दौरे पर थे राहुल
राहुल गांधी प्रोग्रेसिव अलायंस के आमंत्रण पर तीन दिन के दौरे पर आज जर्मनी पहुंचे थे। ये अलायंस दुनियाभर की 117 प्रगतिशील राजनीतिक पार्टियों का एक प्रमुख समूह है। राहुल ने पहले दिन म्यूनिख स्थित ऑटोमोबाइल कंपनी BMW के मुख्यालय का दौरा भी किया था। यहां उन्होंने विभिन्न कारों और मोटरसाइकिलों के बारे में जानकारी ली। पूरी खबर पढ़ें..

BMW और TVS ने पार्टनशिप में 450cc की यह एडवेंचर बाइक बनाई है। राहुल BMW के मुख्यालय में इस बाइक पर बैठे भी। उन्होंने कहा- यह कमाल है। भारतीय इंजीनियरिंग पर हमें गर्व है। राहुल ने स्टाफ से इस बाइक की खासियत भी जानी। भारत में इसे अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है।
———————
ये खबर भी पढ़ें…
भाजपा बोली- राहुल विदेशों में भारत को बदनाम कर रहे:विरोधी ताकतों से मिलते हैं, राष्ट्रीय हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल रहते हैं

भाजपा ने शनिवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर विदेशों में भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया। भाजपा का दावा है कि राहुल गांधी विदेश दौरों के दौरान भारत-विरोधी ताकतों से मुलाकात करते हैं। साथ ही राष्ट्रीय हितों के खिलाफ गतिविधियों में शामिल रहते हैं। पूरी खबर पढ़ें…


