Monday, April 6, 2026
HomeBreaking NewsMumbai News: गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 45 सिलेंडरों के साथ...

Mumbai News: गैस सिलेंडर चोर गिरोह का भंडाफोड़, 45 सिलेंडरों के साथ ठाणे से मास्टरमाइंड अरेस्ट


मायानगरी मुंबई की पवई पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन को अंजाम देते हुए गैस सिलेंडर और मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. यह आरोपी मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था. पुलिस ने इस बड़ी कार्रवाई में आरोपी के पास से 45 गैस सिलेंडर और चोरी की 3 मोटरसाइकिलें बरामद कर एक बड़े नेक्सस का पर्दाफाश किया है.

खाड़ी देशों में चल रहे मौजूदा संघर्ष के कारण इन दिनों आम नागरिकों में गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर पहले से ही चिंता और असमंजस का माहौल बना हुआ है. इसी बीच पवई इलाके में सिलेंडर चोरी की घटना ने पुलिस को सतर्क कर दिया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सबसे पहले पवई थाना क्षेत्र से एक बर्गमैन (Burgman) स्कूटर चुराया और फिर उसी का इस्तेमाल कर इलाके से दो गैस सिलेंडरों की चोरी की वारदात को अंजाम दिया.

CCTV और तकनीकी जांच से ठाणे में पकड़ा गया

गैस सिलेंडर और वाहन चोरी की शिकायत मिलने के बाद पवई पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर अपनी तफ्तीश शुरू की. जांच टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला. तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने ठाणे के वर्तक नगर इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को सफलतापूर्वक हिरासत में ले लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान 45 वर्षीय राज चंद्रकांत कांबले के रूप में हुई है.

आरोपी पर पहले से दर्ज हैं 10 से ज्यादा मामले

कड़ी पूछताछ और आरोपी की निशानदेही पर पवई पुलिस ने उसके पास से कुल 45 गैस सिलेंडर और 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं. ये सभी मुंबई, नवी मुंबई और ठाणे के अलग-अलग इलाकों से पार किए गए थे. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राज कांबले एक आदतन अपराधी है और मुंबई शहर के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में इसके खिलाफ पहले से ही 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं.

फिलहाल पवई पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की गहन जांच कर रही है. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर की जा रही चोरी में क्या कोई अन्य साथी भी उसकी मदद कर रहा था और चुराए गए सिलेंडरों को वह किन ठिकानों पर बेचता था.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments