- Hindi News
- International
- Iran US Israel War LIVE Situation Photos Update; Donald Trump Military Attack Plan | Benjamin Netanyahu
तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ईरान को लेकर ट्रम्प का दोहरा रुख सामने आया है। एक ओर अमेरिका मिडिल ईस्ट में करीब 10,000 एक्स्ट्रा सैनिक भेजने पर विचार कर रहा है, जिससे ट्रम्प के पास सैन्य विकल्प बढ़ सकें।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस फोर्स में पैदल सेना और बख्तरबंद गाड़ियां शामिल हो सकती हैं।
यह एक्स्ट्रा सैनिक मिडिल ईस्ट में पहले से मौजूद 5,000 मरीन और 2,000 पैराट्रूपर्स के साथ जोड़े जाएंगे। ये पैराट्रूपर्स 82वीं एयरबोर्न डिवीजन से हैं।
वहीं, दूसरी ओर ट्रम्प ने कहा है कि वह ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर 10 दिन तक हमला नहीं करेंगे। उन्होंने गुरुवार को ट्रुथ सोशल पर पोस्ट कर बताया कि यह फैसला ईरान के अनुरोध पर लिया गया है और नई डेडलाइन 6 अप्रैल तय की गई है।

ट्रम्प बोले- ईरान ने हमें 10 तेल टैंकर गिफ्ट किए
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि ईरान ने 10 तेल टैंकरों को गुजरने देकर गिफ्ट दिया। उन्होंने कहा कि इन टैंकरों पर पाकिस्तान का झंडा था और ईरान इससे भरोसा जीतना चाहता था। उन्होंने कहा कि ईरान ने भरोसा दिखाने के लिए 8 बड़े तेल टैंकरों को गुजरने दिया और बाद में 2 और भेजे।
व्हाइट हाउस में कैबिनेट बैठक में ट्रम्प ने कहा कि ईरान ने खुद प्रस्ताव दिया था कि वह 8 बड़े ऑयल टैंकर जाने देगा, ताकि बातचीत को लेकर गंभीरता दिखा सके। उन्होंने दावा किया कि बाद में ईरान ने माफी मांगते हुए 2 और टैंकर भेजे।
ईरान जंग से जुड़ी तस्वीरें…

इजराइल पर ईरानी मिसाइल के हमले के बाद एक कार हवा में उड़ गई।

इजराइली कब्जे वाले वेस्ट बैंक के रामल्ला के एक गांव में एक व्यक्ति ईरानी मिसाइल के बचे हुए हिस्से (अवशेष) के पास खड़ा नजर आया।
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
लाइव अपडेट्स
10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
सऊदी अरब ने दो ड्रोन मार गिराए, तेल ठिकानों की सुरक्षा बढ़ाई
सऊदी अरब के रक्षा मंत्रालय ने बताया है कि देश के पूर्वी क्षेत्र में दो ड्रोन को इंटरसेप्ट कर नष्ट कर दिया गया।
मंत्रालय के अनुसार, इन ड्रोन को एयर डिफेंस सिस्टम ने समय रहते पहचान कर गिरा दिया, जिससे वे अपने लक्ष्य तक नहीं पहुंच सके।
पूर्वी क्षेत्र सऊदी अरब के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां देश के प्रमुख तेल उत्पादन और ऊर्जा से जुड़े बड़े ठिकाने स्थित हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्षेत्र में लगातार हमलों और जवाबी कार्रवाई के चलते सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता काफी बढ़ा दी गई है।
23 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
मई में होने वाले ASEAN शिखर समिट में ईरान जंग अहम मुद्दा
फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर ने कहा है कि मई में होने वाला ASEAN (दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों का संगठन) का शिखर सम्मेलन तय समय पर होगा, लेकिन इसका कार्यक्रम सीमित और छोटा रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस समिट में ईरान जंग से पड़ने वाले असर पर चर्चा की जाएगी। रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक में खास तौर पर ईंधन की सप्लाई, बढ़ती खाद्य कीमतें और प्रवासी कामगारों से जुड़े मुद्दों पर फोकस रहेगा।
फिलीपींस इस समय ASEAN की अध्यक्षता संभाल रहा है, जो अक्टूबर 2026 तक उसके पास रहेगी।
31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
इजराइली सेना ने लेबनान के लोगों से गांव खाली करने को कहा
इजराइल की सेना (IDF) ने दक्षिणी लेबनान के सेजौद गांव के लोगों से जल्द से जल्द निकलने को कहा है।
सेना प्रवक्ता ने कहा है कि इलाके में हिजबुल्लाह के ठिकानों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की तैयारी की जा रही है, इसलिए लोगों को तुरंत वहां से निकल जाना चाहिए।
44 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
हूती विद्रोही बोले- रेड सी में जहाजों की आवाजाही सुरक्षित, कोई खतरा नहीं
यमन के हूती विद्रोहियों से जुड़े संगठन ह्यूमैनिटेरियन ऑपरेशंस कोऑर्डिनेशन सेंटर (HOCC) ने कहा है कि रेड सी में बाब-अल-मंदेब स्ट्रेट से गुजरने वाले तेल टैंकरों को लेकर फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।
संगठन ने यह भी कहा कि हर दिन दर्जनों जहाज, इस रास्ते से गुजर रहे हैं।
होर्मुज के लगभग बंद होने के बाद बाब-अल-मंदेब का महत्व और बढ़ गया है, खासकर सऊदी अरब से निकलने वाले कच्चे तेल के लिए यह अहम रास्ता बन गया है।
54 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
लेबनान में इजराइली हमले के बाद कई घर तबाह
दक्षिणी लेबनान के एक गांव में गुरुवार को इजराइली सेना ने हमला किया। हमले में कई घर तबाह हो गए। घरों का जायजा लेते स्थानीय लोग।



05:05 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान मुद्दे पर UN सुरक्षा परिषद की बैठक आज
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद आज ईरान के मुद्दे पर बंद कमरे में बैठक करने जा रही है। यह बैठक न्यूयॉर्क में होगी।
एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस ने ईरान में नागरिक ढांचे पर अमेरिका-इजराइल के हमलों को लेकर इस बैठक की मांग की थी। यह जानकारी दो संयुक्त राष्ट्र राजनयिकों ने दी।
वहीं, सुरक्षा परिषद की मौजूदा अध्यक्षता अमेरिका के पास है, जिसने इस बैठक को शेड्यूल किया है।

04:48 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
पूर्व ईरानी राजनयिक बोले- अमेरिकी प्रस्ताव पर विचार चल रहा
ईरान इंटरनेशनल ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि उन्हें बातचीत के प्रस्ताव मिले हैं और वे उनकी समीक्षा कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने साफ किया है कि ईरान किसी तरह की अल्टीमेटम स्वीकार नहीं करेगा।
वहीं, ईरान के पूर्व राजनयिकों ने चेतावनी दी है कि ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच चल रहा युद्ध लंबा खिंच सकता है और इससे पूरे मिडिल ईस्ट की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ सकता है।
उनका कहना है कि यह संघर्ष क्षेत्र में अस्थिरता को और गहरा कर सकता है और हालात लंबे समय तक तनावपूर्ण बने रह सकते हैं।
04:40 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ऑस्ट्रेलियाई पीएम बोले- ट्रम्प के किसी मदद के अनुरोध को नहीं ठुकराया
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने ट्रम्प की टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा कि उनके देश ने मिडिल ईस्ट में ईरान के खिलाफ युद्ध को लेकर अमेरिका की किसी भी मदद के अनुरोध को ठुकराया नहीं है।
यह बयान उस समय आया जब ट्रम्प ने कैबिनेट बैठक में ऑस्ट्रेलिया के रुख पर निराशा जताते हुए कहा था, “ऑस्ट्रेलिया अच्छा नहीं रहा, मैं थोड़ा हैरान हूं।”
ऑस्ट्रेलिया ने इस महीने की शुरुआत में संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अनुरोध पर रॉयल ऑस्ट्रेलियन एयर फोर्स का E-7A वेजटेल निगरानी विमान क्षेत्र में भेजा था, ताकि ईरान की ओर से हो रहे मिसाइल हमलों से निपटने में मदद मिल सके।
हालांकि, जब ट्रम्प ने होर्मुज से गुजरने वाले टैंकरों की सुरक्षा के लिए सहयोग मांगा, तो ऑस्ट्रेलिया ने कहा कि वह इसमें हिस्सा नहीं लेगा, क्योंकि उसे इस बारे में सीधा अनुरोध नहीं मिला था।
बाद में ऑस्ट्रेलिया 22 देशों के उस समूह में शामिल हो गया, जिसने तेल की बढ़ती कीमतों के बीच समुद्री मार्ग को सुरक्षित बनाने के लिए संभावित मिशन की योजना पर सहमति जताई।
शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में अल्बनीज ने कहा कि उनका ट्रम्प के साथ अच्छा संबंध रहा है, लेकिन उन्होंने ऐसा कोई अनुरोध नहीं था, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने मानने से इनकार किया हो।”
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान पर हमले से पहले अमेरिका और इजराइल ने अपने सहयोगियों से कोई सलाह-मशविरा नहीं किया था और ऑस्ट्रेलिया अपनी प्रतिक्रिया खुद तय करता है।
04:31 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
सोशल मीडिया पर पूर्व ईरानी सुप्रीम लीडर की तस्वीर वायरल
सोशल मीडिया पर ईरान के पूर्व सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की एक तस्वीर वायरल हो रही है। इसमें दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर इजराइली-अमेरिकी हमले में उनकी मौत से तुरंत पहले की है।
हमले से कुछ मिनट पहले तक वह अपने कार्यालय में मौजूद थे और कुरान पढ़ रहे थे। हालांकि, इन दावों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है। ईरान की सरकार की ओर से भी इस बारे में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है।

04:25 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट चार हफ्तों से बंद कर रखा
होर्मुज स्ट्रेट लगभग चार हफ्तों से बंद है, जिससे दुनिया भर के तेल बाजारों में भारी उथल-पुथल मच गई है और हालात कब सामान्य होंगे, यह साफ नहीं है।
यह रुट दुनिया के करीब 20% तेल और गैस की सप्लाई का मुख्य रास्ता है, साथ ही खाद (फर्टिलाइजर) के परिवहन के लिए भी बेहद अहम है। ईरान की धमकियों और जहाजों पर हमलों के कारण यहां से गुजरना इतना जोखिम भरा हो गया है कि लगभग सारा समुद्री ट्रैफिक रुक गया है।
ईरान के लिए इस मार्ग पर नियंत्रण बनाए रखना आर्थिक रूप से भी फायदेमंद है। रिपोर्ट्स के अनुसार, कुछ टैंकरों से सुरक्षित गुजरने के लिए टैक्स लिया जा रहा है, जिससे ईरान को फायदा हो रहा है।
04:13 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
खाड़ी देशों में फिर हमले- कुवैत में ड्रोन रोके गए, UAE में मलबे से 2 की मौत
खाड़ी क्षेत्र में हमले लगातार जारी हैं। कुवैत में पिछले कुछ घंटों के दौरान धमाकों की आवाजें सुनी गईं।
कुवैत नेशनल गार्ड के अनुसार, उन्होंने दो ड्रोन को मार गिराया। UAE के अबू धाबी में गुरुवार को एक ड्रोन को रोकने के बाद उसके मलबे गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए।
इसके अलावा सऊदी अरब ने भी अपने पूर्वी इलाके में ड्रोन को मार गिराने की बात कही है, जबकि बहरीन में भी सायरन बजाए गए।
03:56 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान के कोम में रिहायशी इलाकों पर हमला, 6 लोगों की मौत
ईरान के कोम शहर में रिहायशी इलाकों पर हुए अमेरिका-इजराइल के हवाई हमले में 6 लोगों की मौत हो गई है।
स्थानीय मीडिया के अनुसार, इस हमले में तीन घरों को निशाना बनाया गया। कोम के डिप्टी गवर्नर ने बताया कि हमले में कई लोग घायल भी हुए हैं, लेकिन घायलों की सही संख्या अभी साफ नहीं है।
03:46 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
भारत सरकार ने पेट्रोल-डीजल पर ₹10 की कटौती की
कच्चे तेल के संकट के बीच केंद्र भारत सरकार ने तेल कंपनियों और आम जनता को राहत देते हुए पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती की है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपए प्रति लीटर थी, जिसे अब 10 रुपए घटाकर 3 रुपए कर दिया गया है।
वहीं, डीजल पर यह ड्यूटी 10 रुपए प्रति लीटर थी, जिसे अब पूरी तरह खत्म यानी जीरो कर दिया गया है।
सरकार के इस कदम से तेल कंपनियों के मार्जिन में सुधार होने की उम्मीद है। पेट्रोल और डीजल की कीमत पर बढ़ने से रोकने के लिए ये कदम सरकार ने उठाया है।

03:40 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के 10 दिन की देरी के ऐलान के बाद तेल की कीमतों में गिरावट
ट्रम्प के ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की समयसीमा 10 दिन आगे बढ़ाने के ऐलान के बाद तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि, शुक्रवार को कीमतों में आई यह गिरावट पिछले दिन आई तेज बढ़त को पूरी तरह कम नहीं कर सकी।
शुक्रवार सुबह करीब 02:30 GMT पर ब्रेंट क्रूड की कीमत 1.5% गिरकर 93.07 डॉलर प्रति बैरल हो गई, जबकि वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट (WTI) 1.8% गिरकर 106.12 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
हालांकि, युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक ब्रेंट क्रूड की कीमत लगभग 50% बढ़ चुकी है, जबकि WTI में करीब 40% की बढ़ोतरी देखी गई है।
03:28 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
जापान सरकार कोयले से चलने वाले बिजली प्लांट पर लगे बैन में छूट देगी
जापान सरकार ऊर्जा संकट को कम करने के लिए कोयले से चलने वाले बिजली प्लांट पर लगे प्रतिबंधों में छूट देने की योजना बना रही है।
जापान के उद्योग मंत्रालय के अधिकारी ताकाहिदे सोएदा ने AFP न्यूज एजेंसी से बातचीत में इन रिपोर्ट्स की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि इस योजना को शुक्रवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजे होने वाली विशेषज्ञों की बैठक में औपचारिक रूप से पेश किया जाएगा।
सरकार का मानना है कि इस कदम से ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव कम होगा और देश में बिजली की कमी से निपटने में मदद मिलेगी।
03:09 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में 28 दिनों से इंटरनेट बंद
ईरान में आम लोगों के लिए इंटरनेट तक पहुंच लगभग पूरी तरह बंद हो गई है। लंदन स्थित मॉनिटरिंग संस्था नेटब्लॉक्स के अनुसार, देश में 27 दिनों से ज्यादा समय से इंटरनेट शटडाउन जारी है।
रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान में इंटरनेट कनेक्टिविटी 1% से भी कम रह गई है और सिर्फ उन्हीं लोगों को एक्सेस मिल रहा है, जिन्हें सरकार ने अनुमति दी है।
वहीं, ईरानी अधिकारियों ने हाल ही में बताया कि छापेमारी के दौरान 7 स्टारलिंक डिवाइस जब्त किए गए, जिनका इस्तेमाल इंटरनेट एक्सेस के लिए किया जा रहा था। इसके साथ ही कुछ हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए।

03:01 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प बोले- ब्रिटेन के एयरक्राफ्ट कैरियर खिलौने जैसे
ट्रम्प ने ब्रिटेन की सैन्य क्षमता पर निशाना साधते हुए कहा कि उसके एयरक्राफ्ट कैरियर अमेरिका के मुकाबले खिलौने जैसे हैं।
ट्रम्प से पूछा गया कि ब्रिटेन ने अपने एयरक्राफ्ट कैरियर भेजने की बात कही थी। इस पर उन्होंने जवाब दिया, “बहुत अच्छा, धन्यवाद, लेकिन इसकी जरूरत नहीं है।”
ट्रम्प ने यह भी कहा कि वह इस बात से दुखी हैं कि ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने युद्ध की शुरुआत में अमेरिका को यूके-यूएस के डिएगो गार्सिया बेस का इस्तेमाल कर ईरान पर हमला करने की अनुमति नहीं दी, खासकर B-2 बॉम्बर के लिए।
हालांकि, ब्रिटेन ने पहले ट्रम्प के इस दावे को खारिज कर दिया था कि ब्रिटेन ने अपने एयरक्राफ्ट कैरियर HMS क्वीन एलिजाबेथ या HMS प्रिंस ऑफ वेल्स को मिडिल ईस्ट भेजने की पेशकश की थी।
02:53 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
तुर्किये के राष्ट्रपति बोले- इजराइल गाजा के बाद लेबनान में घुसपैठ कर रहा
तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैय्यप एर्दोगान ने आरोप लगाया है कि इजराइल की सरकार सिर्फ ईरान को ही निशाना नहीं बना रही, बल्कि धीरे-धीरे लेबनान में घुसपैठ की योजना भी लागू कर रही है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एर्दोगान ने कहा ने कहा कि यह इजरायल का जंग है, लेकिन इसकी कीमत सबसे पहले मुसलमान और फिर पूरी मानवता चुका रही है
उन्होंने पहले भी चेतावनी दी थी कि गाजा में कार्रवाई के बाद इजराइल अब लेबनान की ओर कदम बढ़ा रहा है।
एर्दोगान ने क्षेत्रीय देशों से लेबनान के समर्थन में खड़े होने की अपील की और कहा कि अगर कुछ नहीं किया गया तो हालात तेजी से बिगड़ सकते हैं।
02:41 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईंधन कीमतों पर काबू के लिए वियतनाम ने पेट्रोल-डीजल टैक्स हटाया
वियतनाम ने बढ़ती तेल और गैस कीमतों के बीच अपने घरेलू बाजार को स्थिर रखने के लिए पेट्रोल, डीजल और जेट फ्यूल पर लगने वाले टैक्स को अस्थायी रूप से हटा दिया है।
वियतनाम के वित्त मंत्रालय ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण टैक्स और विशेष उपभोग टैक्स को हटा दिया गया है।
मंत्रालय के अनुसार, यह फैसला 15 अप्रैल तक लागू रहेगा, ताकि ईंधन की बढ़ती कीमतों के असर को कम किया जा सके और बाजार में स्थिरता बनी रहे।

02:28 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- पहले बमबारी और हत्याएं बंद हो फिर बातचीत होगी
ईरान तब तक अमेरिका की शांति बातचीत की बातों को गंभीरता से नहीं ले रहा है। ईरानी मीडिया के मुताबिक जब तक बमबारी और हत्याएं बंद नहीं होतीं तब तक बातचीत की कोई मतलब नहीं है।
रिपोर्ट में बताया गया है कि ईरान की पांच मुख्य मांगें हैं, जिनमें उसकी संप्रभुता, होर्मुज पर कंट्रोल, ईरानी शहरों में हुए नुकसान का मुआवजा, नागरिकों की मौत का हिसाब और जंग फिर शुरू नहीं होने की गारंटी शामिल है।
सबसे अहम बात यह है कि ईरान बातचीत शुरू होने से पहले एक ठोस कदम चाहता है। उसका कहना है कि अगर सच में बातचीत करनी है तो अमेरिका और इजराइल को पहले ईरानी शहरों पर हो रही बमबारी और हत्याओं को रोकना होगा।
ईरान का मानना है कि अगर हवाई हमले जारी रहते हैं और हत्याएं नहीं रुकतीं, तो इसका मतलब है कि अमेरिका की ओर से बातचीत की पहल गंभीर नहीं है।
02:16 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान में एक दिन में 9 शहरों पर हमला
ईरान में गुरुवार को एक ही दिन में नौ शहरों पर हमले हुए, जिनमें सबसे ज्यादा बमबारी तेहरान में देखी गई। दिनभर धमाकों की आवाजें सुनाई देती रहीं और रात में भी हवाई हमले जारी रहे।
वहीं, अमेरिका का कहना है कि बातचीत सही दिशा में जा रही है, लेकिन ईरान में अधिकारी इस पर कम भरोसा जता रहे हैं और मानते हैं कि अमेरिकी प्रस्तावित 15 बिंदुओं का प्लान उनके हित में नहीं है।

02:06 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ट्रम्प के हमले रोकने के दावों के बीच इजराइल का ईरान पर हमला
ट्रम्प ने ईरान पर हमले रोकने का दावा किया है। इस बीच, इजराइली सेना ने कहा है कि उसने तेहरान पर हमलों की नई लहर शुरू की है, जिसमें राजधानी के अहम और केंद्रीय इलाकों को निशाना बनाया गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन हमलों के दौरान तेहरान के कई हिस्सों में धमाकों की आवाजें सुनी गईं और अलग-अलग इलाकों में हमले किए गए।
इजराइली सेना का कहना है कि ये हमले सरकारी ठिकानों और सैन्य ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं। फिलहाल इन हमलों में हुए नुकसान या हताहतों को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
01:56 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
मिडिल ईस्ट में 10,000 सैनिक भेजने पर विचार कर रहे
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) मिडिल ईस्ट में करीब 10,000 अतिरिक्त जमीनी सैनिक भेजने पर विचार कर रहा है, ताकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के पास सैन्य विकल्प बढ़ सकें।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के अनुसार, रक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बल में पैदल सेना और बख्तरबंद वाहन शामिल हो सकते हैं।
यह अतिरिक्त सैनिक 5,000 मरीन और 2,000 पैराट्रूपर्स के साथ जोड़े जाएंगे, जिन्हें पहले ही इस क्षेत्र में भेजने का आदेश दिया जा चुका है। ये पैराट्रूपर्स 82वीं एयरबोर्न डिवीजन से हैं।
यह कदम ऐसे समय पर सामने आया है जब एक तरफ अमेरिका ईरान के साथ शांति वार्ता की बात कर रहा है, वहीं दूसरी तरफ सैन्य तैयारियां भी बढ़ाई जा रही हैं।
01:46 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
हिजबुल्लाह ने 24 घंटे में इजराइल की ओर 100 रॉकेट दागे
इजराइल और हिजबुल्लाह के बीच भारी हमले जारी हैं। गुरुवार से लेकर शुक्रवार सुबह तक दक्षिणी लेबनान से उत्तरी इजराइल की ओर करीब 100 रॉकेट दागे गए।
रिपोर्ट के मुताबिक, सीमा के पास उत्तरी इजराइली शहरों में कई जगह अलर्ट जारी किए गए। साथ ही लेबनान के अंदर भी इजराइली सैनिकों और हिजबुल्लाह के बीच लगातार झड़पें हो रही हैं।
गुरुवार शाम एंटी-टैंक मिसाइल हमले में एक इजराइली सैनिक की मौत हो गई और टैंक क्रू के दो अन्य सैनिक घायल हो गए।
इसके अलावा, उत्तरी इजराइल के नाहरिया शहर में एक रॉकेट गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 14 अन्य लोग घायल हो गए।
01:34 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
दक्षिणी लेबनान में इजराइली एयरस्ट्राइक, 2 की मौत; 8 घायल
दक्षिणी लेबनान के नबातियेह जिले के कफर रेमान कस्बे पर इजराइल के हवाई हमले में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य घायल हुए हैं।
लेबनान की सरकारी न्यूज एजेंसी के मुताबिक, हमले के बाद राहत और बचाव कार्य जारी है।
01:34 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
कुवैत ने मिसाइल और ड्रोन हमले इंटरसेप्ट किए
कुवैत की सेना ने कहा है कि वह मिसाइल और ड्रोन हमलों की कोशिशों का जवाब दे रही है और कई हमलों को इंटरसेप्ट किया गया है। सेना के मुताबिक, देश में सुनाई दे रहे धमाकों की आवाजें सफल इंटरसेप्शन की वजह से हैं।
अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
01:32 AM27 मार्च 2026
- कॉपी लिंक
ईरान बोला- स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में दुश्मन जहाजों को रोकना हमारा अधिकार
ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने कहा है कि स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज में दुश्मन देशों के जहाजों को रोकना ईरान का कानूनी अधिकार है।
मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस से बातचीत में अराघची ने कहा कि इस समुद्री रास्ते में बढ़ती असुरक्षा अमेरिका और जायनिस्ट शासन की कार्रवाई का नतीजा है।
उन्होंने कहा कि एक तटीय देश होने के नाते ईरान को अपने दुश्मनों और उनके सहयोगियों के जहाजों की आवाजाही रोकने का अधिकार है।
साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान ने इस रास्ते की सुरक्षा बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए हैं।



