
आईफोन 17e (प्रतीकात्मक तस्वीर)
iPhone 17 सीरीज के लॉन्च के कुछ महीने बाद ही Apple एक और आईफोन लॉन्च करने जा रहा है। एप्पल का यह सस्ता आईफोन 4 मार्च को लॉन्च किया जा सकता है। यह पिछले साल आए iPhone 16e का अपग्रेड होगा। फोन के कई फीचर्स को अपग्रेड किए जाने की उम्मीद है। साथ ही, यूजर्स को इसमें iPhone 17 वाले कई फीचर्स मिल सकते हैं। इस फोन से जुड़ी कई जानकारियां पिछले दिनों सामने आई हैं। इसके अलावा इसकी कीमत भी लीक हो चुकी है।
4 मार्च को होगा लॉन्च!
एप्पल 4 मार्च को आयोजित होने वाले अपने स्पेशल इवेंट में iPhone 17e को लॉन्च कर सकता है। इसके साथ कंपनी MacBook की नई जेनरेशन भी ग्लोबली पेश कर सकती है। एप्पल की तरफ से फिलहाल इस इवेंट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी शेयर नहीं की गई है। हालांकि, कई लोगों ने दावा किया है कि उन्हें एप्पल के इस स्पेशल इवेंट का इन्वाइट मिल गया है।
कितनी होगी कीमत?
iPhone 17e को भारत में 60,000 रुपये की शुरुआती कीमत में पेश किया जा सकता है। इसकी कीमत iPhone 17 के मुकाबले 22,000 रुपये तक कम हो सकती है। फोन के डिजाइन में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। इसका लुक iPhone 16e की तरह हो सकता है। हालांकि, फोन में नॉच डिजाइन वाला डिस्प्ले हटाए जाने की संभावना है।
iPhone 17 वाले फीचर्स
iPhone 17e इस सीरीज का अब तक का सबसे पतला डिवाइस हो सकता है। इसमें 48MP का मेन रियर कैमरा मिल सकता है। वहीं, फ्रंट में 12MP का कैमरा दिया जा सकता है। iPhone 16e में कंपनी ने 12MP का रियर कैमरा दिया है। ऐसे में यूजर्स को अपग्रेडेड कैमरा मिल सकता है। यह फोन सिंगल रियर कैमरा और एक फ्रंट कैमरे के साथ आ सकता है। iPhone 17 में भी 48MP का रियर कैमरा मिलता है।
हार्डवेयर अपग्रेड की बात करें तो इसमें iPhone 17 की तरह ही A19 Bionic चिपसेट दिया जा सकता है। इस फोन को भी 256GB की शुरुआती स्टोरेज में पेश किया जा सकता है। फोन में OLED डिस्प्ले पैनल दिया जा सकता है, जो 60Hz रिफ्रेश रेट को सपोर्ट करेगा। यह डिस्प्ले 6.1 इंच का हो सकता है।
यह भी पढ़ें – प्राइवेट फोटो या वीडियो के नाम पर अब कोई नहीं कर पाएगा ब्लैकमेल, I4C ने बताया बचने का आसान तरीका


