45 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिका में भारतीय मूल के एक डॉक्टर पर चौंकाने वाले आरोप लगे हैं। 51 वर्षीय डॉ. रितेश कालरा पर नशे की लत से जूझ रहे मरीजों को अवैध रूप से ओपिऑयड दवाएं देने और बदले में यौन संबंध मांगने का आरोप है।
न्यू जर्सी के सेकॉकस में रहने वाले डॉ. कालरा ने 2019 से 2025 के बीच बिना किसी वैध मेडिकल वजह के 31 हजार से ज्यादा बार ओक्सिकोडोन जैसी नशे की दवाएं लिखीं।
अदालत में पेश दस्तावेजों के मुताबिक, उन्होंने लत के शिकार मरीजों का फायदा उठाया और अपने मेडिकल लाइसेंस का दुरुपयोग किया।
एक महिला मरीज ने आरोप लगाया कि मेडिकल अपॉइंटमेंट के दौरान उसे जबरन अनैच्छिक यौन संबंध के लिए मजबूर किया गया। एक अन्य मरीज ने बताया कि जब वह जेल में बंद थी, तब भी उसे डॉक्टर से कोई बात किए बिना ओपिऑयड दवा दी गई।
इन आरोपों के बाद डॉ. कालरा का मेडिकल लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। अमेरिकी कोर्ट ने उन्हें घरेलू नजरबंदी में रखा है और 1 लाख डॉलर का बॉन्ड भरने की शर्त पर रिहा किया गया है।
कोर्ट ने उन्हें मेडिकल प्रैक्टिस और दवाएं लिखने पर भी रोक लगा दी है। साथ ही उनका क्लिनिक बंद करने का आदेश भी दिया गया है।
अंतरराष्ट्रीय मामलों से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें….
पाकिस्तान में मानसूनी बारिश और बाढ़ से 200 से ज्यादा मौतें, 560 घायल

पाकिस्तान में जारी मानसूनी बारिश और फ्लैश फ्लड की वजह से अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें करीब 100 बच्चे भी शामिल हैं। यह जानकारी पाकिस्तान की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDMA) ने दी है।
सबसे ज्यादा 123 मौतें पंजाब प्रांत में हुईं। इसके बाद खैबर पख्तूनख्वा में 40, सिंध में 21, बलूचिस्तान में 16 और इस्लामाबाद और पाकिस्तान-ऑक्यूपाइड कश्मीर में 1-1 मौत हुई।
NDMA के मुताबिक, 118 मौतें इमारत गिरने से, 30 मौतें फ्लैश फ्लड से इसके अलावा डूबने, बिजली गिरने, करंट लगने और भूस्खलन जैसी घटनाओं से भी कई मौतें हुईं।
अब तक 560 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं, जिनमें 182 बच्चे हैं।
संयुक्त राष्ट्र ने खैबर पख्तूनख्वा और गिलगित-बाल्टिस्तान के पहाड़ी इलाकों में ग्लेशियर झील फटने की आशंका चेतावनी दी है।
पाकिस्तान में जून से सितंबर के बीच हर साल मानसूनी बाढ़ आती है। इससे जानमाल का बड़ा नुकसान होता है।
वियतनाम में नाव पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 38 हुई, कई अभी भी लापता

वियतनाम के मशहूर टूरिस्ट स्पॉट हलोन्ग बे में नाव पलटने से मरने वालों की संख्या 38 हो गई है।हादसे के वक्त नाव में 53 लोग सवार थे। इनमें से ज्यादातर बच्चे और स्थानीय पर्यटक थे। घटना शनिवार दोपहर हुई। तेज बारिश और तूफान की चेतावनी के बीच नाव समुद्र में निकली थी।
अब तक 38 शव बरामद किए जा चुके हैं। 10 लोगों को जिंदा बचाया गया है और कई लोग अभी भी लापता हैं।
बचाव अभियान में वियतनामी नेवी, बॉर्डर गार्ड्स और डाइवर्स शामिल हैं। लेकिन खराब मौसम के कारण राहत कार्य में परेशानी हो रही है। इस हादसे से पहले वियतनाम के उत्तरी तटीय इलाकों में टाइफून विप्हा को लेकर अलर्ट जारी किया गया था।
हलोन्ग बे वियतनाम की एक प्रसिद्ध UNESCO वर्ल्ड हेरिटेज साइट है, जहां हर साल लाखों पर्यटक जाते हैं।