India vs New Zealand Final Key Battles: भारत और न्यूजीलैंड के बीच 2026 टी20 वर्ल्ड कप का फाइनल मैच आज अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. दोनों टीम इतिहास रचने के इरादे से मैदान में उतरेंगी. टीम इंडिया अपने घरेलू फैंस की उम्मीदों पर खरी उतर कर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी उठाना चाहेगी. मगर न्यूजीलैंड भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेगी. उससे पहले यहां देख लीजिए कि फाइनल मुकाबले में किन खिलाड़ियों के आपसी बैटल पर सबकी नजरें टिकी होंगी.
1. सूर्यकुमार यादव vs मिचेल सैंटनर
दोनों टीमों के कप्तानों का बैटल देखना दिलचस्प होगा. टी20 मैचों में सैंटनर 3 बार सूर्यकुमार का विकेट ले चुके हैं. सूर्या स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ स्वीप शॉट अच्छा खेलते हैं, लेकिन सैंटनर भी बल्लेबाज के दिमाग से खेलना जानते हैं. वर्ल्ड कप से पूर्व हुई भारत-न्यूजीलैंड सीरीज के पहले और अंतिम मुकाबले में भी सैंटनर ने भारतीय कप्तान को आउट किया था.
2. मैट हेनरी vs अभिषेक/सैमसन
न्यूजीलैंड टीम में सबसे अनुभवी गेंदबाजों में से एक मैट हेनरी अपनी तेज गति से भारतीय ओपनरों की कड़ी परीक्षा ले सकते हैं. हेनरी नई बॉल से बहुत प्रभावी साबित हो सकते हैं और शुरुआत में स्विंग मिली तो अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन के लिए रन बनाना बहुत मुश्किल हो जाएगा.
3. अर्शदीप सिंह vs फिन एलन
फिन एलन, दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 33 गेंद में शतक लगाकर आ रहे हैं. फाइनल में एक बार फिर एलन पर सबकी नजरें होंगी. टी20 में अर्शदीप के खिलाफ 3 पारियों में फिन एलन का औसत 47 और स्ट्राइक रेट 223.8 का है. यह देखना दिलचस्प होगा कि अर्शदीप फाइनल में एलन को रोक पाते हैं या नहीं.
4. जसप्रीत बुमराह vs टिम साइफर्ट/फिन एलन
न्यूजीलैंड टीम के दोनों ओपनिंग बल्लेबाज तूफानी बैटिंग के लिए जाने जाते हैं. एलन अब तक वर्ल्ड कप में 289 रन और साइफर्ट 274 रन बना चुके हैं. उन दोनों को रोकने के लिए जरूर कप्तान सूर्यकुमार यादव जरूर जसप्रीत बुमराह पर दांव खेलेंगे. एलन और साइफर्ट को कम स्कोर पर आउट करना टीम इंडिया के लिए बहुत बड़ी बढ़त होगी.
5. भारतीय स्पिनर्स vs ग्लेन फिलिप्स
ग्लेन फिलिप्स मिडिल ओवरों में आकर ना केवल तेजतर्रार पारी बल्कि सधी हुई पारी भी खेल सकते हैं. भारत के खिलाफ फिलिप्स ने 14 टी20 पारियों में बैटिंग की है, जिनमें वो 11 बार स्पिन गेंदबाजी के खिलाफ आउट हुए हैं. क्या भारतीय स्पिनर एक बार फिर फिलिप्स का विकेट चटका पाएंगे.


