
देशभर में आज होलिका दहन का त्योहार मनाया जा रहा है, जिसके बाद 4 मार्च को होली मनाई जाएगी। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने बुधवार, 4 मार्च के लिए दिल्ली मेट्रो का टाइम टेबल जारी कर दिया है। डीएमआरसी ने सोमवार को बताया कि होली के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं सुबह उपलब्ध नहीं रहेंगी। डीएमआरसी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि होली के दिन दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर 02.30 बजे शुरू होंगी। यानी, बुधवार को दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर 02.30 बजे तक बंद रहेंगी। बताते चलें कि होली के मौके पर हर बार की तरह इस बार भी दिल्ली मेट्रो की सेवाएं दोपहर में शुरू होंगी।
दोपहर 02.30 बजे टर्मिनल स्टेशन से शुरू होंगी सेवाएं
डीएमआरसी ने अपने पोस्ट में लिखा, ”होली के मौके पर बुधवार, 4 मार्च को सभी लाइनों पर टर्मिनल स्टेशन से दोपहर 02.30 बजे मेट्रो ट्रेन सेवाएं शुरू होंगी। इसके बाद, सभी लाइनों पर सामान्य सेवाएं जारी रहेंगी।” दिल्ली मेट्रो हर साल होली के मौके पर दिन में अपनी सेवाएं बंद रखता है। दरअसल, ये एक प्लान किया गया कदम है ताकि मेट्रो स्टाफ को भी त्योहार मनाने का मौका मिले। इसके अलावा, त्योहार की वजह से दिन में काफी कम सवारी भी होती हैं। इसके साथ ही, रंगों में रंगे हुए यात्रियों की वजह से अन्य यात्रियों और मेट्रो संपत्ति को किसी भी तरह का नुकसान न हो, इन वजहों से भी दिन में मेट्रो सेवाएं बंद रहती हैं।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए अहम
दिल्ली मेट्रो द्वारा जारी किया गया ये अपडेट उन लोगों के लिए काफी अहम है, जो होली वाले दिन मेट्रो से एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या किसी अन्य जरूरी काम से कहीं जाने का प्लान बनाए हुए हैं। दिल्ली मेट्रो ने यात्रियों की सुविधा के लिए 2 दिन पहले ही ये जरूरी अपडेट शेयर किया है, ताकि दिल्ली और इसके आसपास के शहरों में रहने वाले लोग मेट्रो की टाइमिंग्स को ध्यान में रखना अपना प्लान बना पाएं। अगर आपको भी होली वाले दिन दोपहर 02.30 बजे से पहले कहीं जाना है तो आपको कैब या ऑटो बुक करना होगा। इसके अलावा, आप पब्लिक बस का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।


