1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

चीन के सिचुआन प्रांत में हाल ही में शुरु हुआ होंगची ब्रिज आंशिक रूप से ढह गया। हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह पुल राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया गया था और इसकी लंबाई करीब 758 मीटर है।
सोमवार दोपहर पुल के आसपास की पहाड़ी ढलानों और सड़कों पर दरारें दिखाई दीं। पहाड़ की जमीन खिसकने लगी तो प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से पुल को तत्काल बंद कर दिया। मंगलवार दोपहर हालात और बिगड़ गए। पहाड़ी से भारी मात्रा में मिट्टी खिसकने के बाद पुल का एक हिस्सा और सड़क का आधार टूटकर ढह गया।
अब तक किसी के घायल होने या मौत की सूचना नहीं मिली है। वीडियो में धूल का गुबार उठता दिखाई देता है और पुल के खंभे टूटकर नीचे पत्थरों और नदी में गिरते नजर आते हैं।
यह पुल इसी वर्ष पूरा हुआ था। इसे चीन के मैदानी इलाकों को तिब्बत से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर बनाया गया था और 28 सितंबर को यातायात के लिए खोला गया था। पुल की ऊंचाई घाटी के तल से लगभग 625 मीटर बताई गई है।
यह स्थान शुआंगजियांगकु हाइड्रोपावर स्टेशन और दादू नदी पर बन रहे बांध के पास स्थित है। यह बांध दुनिया का सबसे ऊंचा बांध बनने की दिशा में है और लगभग एक दशक से निर्माणाधीन है।


