दुनिया की दिग्गज टेक कंपनी अमेजन में एक बार फिर बड़े पैमाने पर छंटनी की खबरों ने हलचल मचा दी है। सोशल मीडिया और जॉब प्लेटफॉर्म पर वायरल हो रही रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि कंपनी जल्द ही 14,000 कर्मचारियों की छंटनी कर सकती है। हालांकि, इस खबर पर अब कंपनी का आधिकारिक बयान सामने आ गया है।
बुधवार को एक रिपोर्ट तेजी से वायरल हुई, जिसमें कहा गया कि जनवरी में 16,000 कर्मचारियों की छंटनी के बाद अब कंपनी एक और बड़े लेऑफ की तैयारी कर रही है। यह जानकारी सबसे पहले जॉब फोरम ब्लाइंड पर सामने आई, जहां एक कथित इनसाइडर ने दावा किया कि कंपनी में बड़े लेवल पर रिस्ट्रक्चरिंग की जा रही है।
अमेजन ने दी सफाई
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेजन ने साफ कहा कि यह रिपोर्ट्स पूरी तरह गलत हैं। कंपनी ने कहा कि ये दावे सही नहीं हैं और इनका कोई आधार नहीं है। यानी फिलहाल 14,000 कर्मचारियों की छंटनी की कोई पुष्टि नहीं हुई है।
AI के चलते बदल रहा काम का तरीका
अमेजन के CEO एंडी जेस्सी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल से भविष्य में कुछ नौकरियों की जरूरत कम हो सकती है। जून 2025 में उन्होंने कर्मचारियों को भेजे एक मेमो में कहा था कि AI के कारण कई कामों में बदलाव आएगा।
टेक इंडस्ट्री में छंटनी का ट्रेंड
अमेजन अकेली कंपनी नहीं है जहां छंटनी की खबरें सामने आ रही हैं। हाल के महीनों में माइक्रोसॉफ्ट, ओरेकल, टीसीएस और एक्सेंचर जैसी बड़ी कंपनियां भी हजारों कर्मचारियों को नौकरी से निकाल चुकी हैं। वहीं, सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट भी अपने कुछ कर्मचारियों की छंटनी कर रही है, हालांकि यह कदम रणनीतिक बदलाव के तहत बताया जा रहा है।
क्या कहता है US जॉब मार्केट?
अमेरिका के लेबर डिपार्टमेंट के आंकड़ों के अनुसार, बेरोजगारी भत्ते के लिए आवेदन करने वालों की संख्या हाल ही में घटी है, जो जॉब मार्केट के स्थिर रहने का संकेत देती है। हालांकि, हाई इंटरेस्ट रेट और वैश्विक अनिश्चितताओं के कारण हायरिंग की रफ्तार धीमी पड़ी है।


