
अमेरिका द्वारा लगाए गए भारी टैरिफ की वजह से जनवरी में अमेरिका को भारत का वस्तु निर्यात 21.77 प्रतिशत की बड़ी गिरावट के साथ 6.6 अरब डॉलर रहा। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों में ये जानकारी दी गई। पिछले साल सितंबर, अक्टूबर और दिसंबर में भी निर्यात में गिरावट देखी गई थी, जबकि नवंबर में ये 22.61 प्रतिशत बढ़ा था। अमेरिका ने 27 अगस्त से भारतीय वस्तुओं पर 50 प्रतिशत टैरिफ लागू किया था। दोनों देशों के बीच अब एक अंतरिम व्यापार समझौते पर सहमति हुई है, जिसके तहत अमेरिका ने 7 फरवरी से भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 25 प्रतिशत का पैनल्टी टैरिफ हटा दिया है और रेसिप्रोकल टैरिफ भी 25 प्रतिशत से घटाकर 18 प्रतिशत कर दिया है।
अमेरिका से भारत के आयात में 23.71 प्रतिशत की बड़ी बढ़ोतरी
वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, जनवरी में अमेरिका से भारत का आयात 23.71 प्रतिशत बढ़कर 4.5 अरब डॉलर हो गया। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान अमेरिका को देश का निर्यात 5.85 प्रतिशत बढ़कर 72.46 अरब डॉलर हो गया था, जबकि आयात 13.87 प्रतिशत बढ़कर 43.92 अरब डॉलर रहा। जनवरी में चीन को देश का निर्यात 55.65 प्रतिशत बढ़कर 1.63 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 16.67 प्रतिशत बढ़कर 12.23 अरब डॉलर हो गया। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जनवरी अवधि के दौरान चीन को देश का निर्यात 38.37 प्रतिशत बढ़कर 15.88 अरब डॉलर हो गया, जबकि आयात 13.82 प्रतिशत बढ़कर 108.18 अरब डॉलर हो गया।
किन देशों के साथ कैसा रहा भारत का आयात-निर्यात
जनवरी के दौरान संयुक्त अरब अमीरात, नीदरलैंड, जर्मनी, सऊदी अरब, इटली, हांगकांग, स्पेन, बेल्जियम, मलेशिया और वियतनाम को भारत के निर्यात में अच्छी बढ़ोतरी देखी गई। हालांकि, ब्रिटेन, बांग्लादेश, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, फ्रांस और ब्राजील को निर्यात में गिरावट दर्ज की गई। आयात के मोर्चे पर जनवरी में रूस, इराक, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, थाइलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों से आयात में गिरावट आई। हालांकि, संयुक्त अरब अमीरात, सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड, सिंगापुर, जापान और इंडोनेशिया से आयात बढ़ा। भारत मुख्य रूप से स्विट्जरलैंड से सोना आयात करता है। जनवरी में स्विट्जरलैंड से आयात 836.85 प्रतिशत बढ़कर 3.95 अरब डॉलर हो गया।


