उत्तर प्रदेश के कानपुर से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई हैं, जहां कारगिल युद्ध में शामिल रहे रिटायर्ड सैनिक ने अपनी पत्नी और 16 साल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी और फिर खुद भी ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली. इस घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया है. पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
ये घटना कानपुर के सेन पश्चिम पारा थाना क्षेत्र के बखरिया गांव में हुई. इस घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सोमवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम कठोगर इमलीपुर रेलवे अंडर पास के पास अज्ञात शख्स ने मालगाड़ी के सामने आकर आत्महत्या कर ली है. जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुँच गई. मृतक की जेब से आधार कार्ड और मोटरसाइकिल के कागज मिले, जिससे उसकी पहचान चेतराम पासवान (55 वर्ष) के रूप में हुई.
रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला शव
शव की शिनाख्त होने के बाद पुलिस की टीम मृतक फौजी के घर सूचना देने पहुंची तो घर का नजारा देखकर पुलिस के भी होश उड़ गए. घर का दरवाजा खुला हुआ था और वहां खून से लथपथ चेतराम की पत्नी सुनीता (40 वर्ष) और बेटे दीप की लाशें पड़ी हुई थी. शवों के पास ही चेतराम की लाइसेंसी डबल बैरल बंदूक़ भी पड़ी हुई थी.
घर में पत्नी और बेटे की लाशें
पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इस बात की ख़बर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई. जिसके बाद लोग दहशत में है. हत्या के पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई हैं. पुलिस इसे पत्नी और बेटे की हत्या और फिर आत्महत्या करने से जोड़कर देख रही है. मृतक चेतराम ने पहले अपनी पत्नी और बेटे की हत्या की और फिर खुद ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी.
पुलिस के मुताबिक़ पत्नी का शव कमरे में बिस्तर के पास पड़ा मिला, उसके सिर में गोली मारी गई थी और बेटे का शव कमरे के दरवाजे के पास मिला है. इस पूरे मामले पर एसीपी विपिन ताडा ने कहा कि वारदात के पीछे घरेलू कलह वजह हो सकता है. जिसके बाद चेतराम ने ये खौफनाक कदम उठाया. प्रथम दृष्टया मामला हत्या और आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस आर्थिक एंगल से भी इसकी जाँच कर रही है.


