छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आए है. यहां हरदीबाजार थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय बेटी ने अपने ही पिता की निर्मम हत्या कर दी. मामूली कहासुनी और जीवनशैली को लेकर हुए विवाद के बाद बेटी ने आव देखा न ताव, घर में रखे हसिए (धारदार हथियार) से पिता पर ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. पुलिस ने आरोपी बेटी को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान 55 वर्षीय अशोक केवट और आरोपी बेटी की पहचान 25 वर्षीय गीता केवट के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि गीता अपने परिवार से अलग रहकर अपना जीवन यापन करती थी, जो उसके पिता अशोक को बिल्कुल पसंद नहीं था. पिता को गीता के रहन-सहन और तौर-तरीकों पर आपत्ति थी और वे अक्सर उसे घर लौटकर सही ढंग से रहने की नसीहत दिया करते थे.
आधी रात को खूनी खेल
पिछले कुछ दिनों से गीता अपने पिता के घर आई हुई थी. घटना वाली रात पिता ने उसे दोबारा उसकी जीवनशैली को लेकर समझाया और टोकना शुरू किया. इसी बात पर दोनों के बीच तीखी बहस हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर गीता ने घर में रखा हसिया उठाया और पिता पर जानलेवा हमला कर दिया. इस खूनी संघर्ष में अशोक केवट की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
बहन और पुलिस का बयान
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की छोटी बेटी सपना केवट ने शोर मचाया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. हरदीबाजार पुलिस और कोरबा एसपी लखन पटले तुरंत मौके पर पहुंचे. पुलिस ने आरोपी गीता को हिरासत में ले लिया है और हत्या में प्रयुक्त हसिया भी जब्त कर लिया है. एसपी लखन पटले ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक कलह और जीवनशैली को लेकर हुए विवाद का लग रहा है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या वारदात के समय कोई और भी वहां मौजूद था. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.


