उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रदेश की सियासत गरमा गई है, इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी के पार्टी के नेता व यूपी एआईएमआईएम प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली का विवादित बयान सामने आया है. शौकत अली ने AIMIM को ‘बीजेपी की B टीम’ कहने वालों को जूते से मारने की धमकी दी है.
दरअसल, अमरोहा के हसनपुर में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली ने ‘बीजेपी की B टीम’ कहने वालों को जूते से मारने की बात कही. AIMIM के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली के बयान से सियासी गलियारों में हलचल मच गई है. हसनपुर पहुंचे शौकत अली ने मीडिया से बातचीत के दौरान साफ कहा कि उनकी पार्टी 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर मजबूत और असरदार गठबंधन बनाने की दिशा में गंभीर प्रयास करेगी.
बीजेपी की B टीम बताए जाने पर जताया ऐतराज
उन्होंने कहा कि AIMIM अकेले नहीं, बल्कि समान विचारधारा वाली ताकतों को साथ लेकर चुनावी मैदान में उतरेगी और सत्ता परिवर्तन की लड़ाई लड़ेगी. इस दौरान शौकत अली ने अपनी पार्टी को बीजेपी की ‘B टीम’ बताए जाने पर कड़ा ऐतराज जताया और ऐसे आरोप लगाने वालों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कथित तौर पर कहा कि जो लोग AIMIM को बीजेपी की B टीम कहते हैं, उन्हें जूते से जवाब दिया जाएगा.
‘संगठन की ताकत पर AIMIM करती है राजनीति’
शौकत अली ने कहा कि AIMIM अपनी विचारधारा और संगठन की ताकत पर राजनीति करती है और पार्टी को बदनाम करने की साजिशें की जा रही हैं. शौकत अली का बयान सामने आते ही विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जबकि समर्थकों ने इसे उकसावे के जवाब के तौर पर देखा है. फिलहाल प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन 2027 के चुनाव और गठबंधन की रणनीति को लेकर सियासी बहस तेज हो गई है.
Input By : मोहम्मद हारिस


