
India-US Trade Deal: केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को अमेरिका के साथ हुए ट्रेड डील की बारीकियों के बारे में जानकारी दी। पीयूष गोयल ने बताया कि अमेरिका ने भारत से निर्यात किए जाने वाले एयरक्राफ्ट, मशीनरी, जेम्स एंड डायमंड्स, क्लॉक्स, प्रेशियस मेटल्स पर रेसिप्रोकल टैरिफ को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। मंत्री ने कहा कि इस डील में किसान और डेयरी उद्योग को पूर्ण संरक्षण मिलेगा। इस डील में मॉडिफाइड सीड्स, डेरी, मीट, सोयाबीन, मक्का, चावल, गेंहू, मिलेट्स, केला, स्ट्रॉबेरी, चेरी साइट्रस फ्रूट, मूंग, काबुली चना, ऑयल सीड्स, ग्राउंड नट्स, एथनॉल और टोबैको पर अमेरिका को कोई रियायत नहीं दी गई है।
चीन और बांग्लादेश की तुलना में काफी कम हुआ टैरिफ
उन्होंने कहा कि अब भारत पर अमेरिकी टैरिफ 50 प्रतिशत से घटकर 18 प्रतिशत हो गया है, जो हमारे प्रतिस्पर्धी देशों की तुलना में कम है। अमेरिका अभी चीन पर 45 प्रतिशत और बांग्लादेश पर 20 प्रतिशत टैरिफ लगा रहा है। पीयूष गोयल ने रूस से कच्चा तेल खरीदने को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा कि इस मामले की जानकारी भारत सरकार का विदेश मंत्रालय देगा।
अमेरिका से आने वाली इन चीजों पर ड्यूटी कम होगी या खत्म
भारत और अमेरिकी के बीच हुए समझौते के अनुसार, भारत, अमेरिका के सभी इंडस्ट्रियल सामानों, सूखे अनाज, पशु आहार के लिए लाल ज्वार, मेवे, ताजे और प्रोसेस्ड फूड, सोयाबीन तेल, शराब, स्पिरिट और अन्य उत्पादों सहित कई प्रकार के अमेरिकी खाद्य और कृषि उत्पादों पर टैरिफ खत्म या कम करेगा। जिससे, भारत में ये अमेरिकी उत्पाद सस्ते हो जाएंगे।
देश के निर्यात के लिए खुलेगा सबसे बड़ा बाजार
पीयूष गोयल ने शनिवार को आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि भारत और अमेरिका के बीच हुआ ये ट्रेड डील हमारे निर्यात के लिए सबसे बड़े बाजार को खोलेगा। वाणिज्य मंत्री ने शनिवार को सुबह एक ट्वीट में कहा था कि इस सौदे से भारतीय निर्यातकों, विशेष रूप से सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (MSME), किसानों और मछुआरों के लिए 30,000 अरब डॉलर का बाजार खुलेगा। उन्होंने कहा कि इस डील से देश के निर्यात में बढ़ोतरी होगी और इससे महिलाओं और युवाओं के लिए लाखों नए रोजगार के मौके भी बनेंगे।


