- कंपनी से तत्काल समाधान न मिलने पर यात्रियों ने यह मामला Reddit पर साझा किया।
आज-कल लोग ऑफिस से लेकर कहीं घूमने जाने के लिए भी कैब का इस्तेमाल करते हैं. इसका फायदा यह है कि मोबाइल ऐप की मदद से घर बैठे कैब बुक हो जाती है और कैब आपको घर के बाहर से ही पिक करने आ जाती है. सोचिए, अगर आपने कहीं जाने के लिए कैब बुक की है, लेकिन सफर पूरा होने के बाद आपको बिल कई गुना ज्यादा मांगा जाए तो ऐसे में आप क्या करेंगे? दिल्ली से ऐसा ही एक मामला सामने आया है, यहां पर एक ग्रुप ने 1285 रुपये में कैब बुक की, लेकिन सफर खत्म होने के बाद उन्हें 5662 का बिल थमा दिया गया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये मामला Reddit पर शेयर की गई एक पोस्ट के जरिए सामने आया है. यात्रियों ने Ola Rental कैब बुक की थी. पोस्ट पर यात्री ने सवाल उठाया कि उन्होंने इतनी दूरी की यात्रा ही नहीं की है, जितनी दूरी का एक्स्ट्रा चार्ज जोड़ा गया है.
कैसे बढ़ा किराया?
यात्रियों की ओर से शेयर की गई रसीद के मुताबिक, सफर पूरा होने के बाद 5662 के बिल में टोल और दूसरे चार्ज भी जोड़े गए थे. यात्रियों का कहना है कि जब उन्होंने कैब बुक की थी तो उस समय 6 घंटे और 60 किलोमीटर की राइड के लिए लगभग 1285 का किराया नजर आया था, लेकिन जब अंतिम किराया 5662 का आया तो यात्री हैरान रह गए.
यूजर्स से मांगी सलाह
कंपनी की ओर से तत्काल मदद नहीं मिली तो उसके बाद ही यात्रियों ने Reddit पर पोस्ट करके यूजर्स से सलाह मांगी कि आगे क्या करना चाहिए? जिसके बाद कई यूजर्स ने इस मामले पर अपनी राय दी.
आगे क्या हुआ?
यात्रियों का दावा है कि उन्होंने 60 किलोमीटर की यात्रा के लिए कैब बुक की थी, लेकिन उन्हें बिल 240.5 किलोमीटर का एक्स्ट्रा जोड़कर दिया गया. जिसके बाद यात्रियों ने कंपनी से समाधान पाने की कोशिश की.
जानें यात्रा की पूरी जानकारी
- Reddit पोस्ट के मुताबिक, यात्रियों ने 10 बजे के आसपास महिपालपुर स्थित होटल से कैब ली.
- उनका बुकिंग प्लान 6 घंटे और 60 किलोमीटर का था. उन्हें यशोभूमि में हो रहे एक एग्जिबिशन में जाना था.
- इसके बाद यात्री कुछ घंटों तक एग्जिबिशन में रहे और लगभग 3 बजकर 45 मिनट के बाद वे इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंच गए.
चीनी की सप्लाई पर बड़ा फैसला, अब नहीं बढ़ेंगे दाम, 13 लाख टन का बिक्री कोटा जारी
इन बातों का खास ध्यान रखें
- किराए के पैसे देने से पहले दूरी और टोल या फिर दूसरे चार्ज चेक करना न भूलें.
- अगर आपने कही जाने के लिए कैब बुक की है तो बुकिंग के दौरान दिख रहे किराए का स्क्रीनशॉट जरूर लें.
- साथ ही यात्रा कहां से शुरू हो रही है और कहां खत्म हो रही है इसकी जानकारी भी रखें.
- अगर किराए में किसी तरह बदलाव होता है तो आप सबसे पहले कैब कंपनी के कस्टमर सपोर्ट में शिकायत करें.
- कुछ जरूरी सबूत को अपने पास संभालकर रखें, जैसे इनवॉइस, बुकिंग आईडी और पेमेंट डिटेल.
- अगर आपको कंपनी की तरफ से कोई समाधान नहीं मिलता है तो आप उपभोक्ता फोरम में शिकायत कर सकते हैं.
नेपाल को बिजली बेचकर भारत हर साल कितने रुपए कमाता है?


