लंदन4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

ऑस्ट्रेलिया पहले ही इस तरह का कानून लागू कर चुका है, जबकि कनाडा और यूरोपीय संघ भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। – प्रतीकात्मक फोटो
ब्रिटेन की कीर स्टार्मर सरकार 16 वर्ष से कम आयु के बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर प्रतिबंध लगाने की संभावना पर विचार कर रही है। माना जा रहा है कि 18 जून को मेकरफील्ड उपचुनाव से पहले इस संबंध में घोषणा की जा सकती है।
यह कदम ऐसे समय पर चर्चा में है, जब सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के भीतर स्टार्मर के नेतृत्व को लेकर असंतोष की खबरें हैं और ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर एंडी बर्नहैम को पार्टी का संभावित भविष्य का नेता माना जा रहा है।
इसके तहत बड़े सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों पर 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों की पहुंच सीमित की जा सकती है। हालांकि वॉट्सएप जैसी मैसेजिंग सेवाओं और यूट्यूब किड्स जैसे शैक्षणिक प्लेटफॉर्म को छूट मिल सकती है। सोशल मीडिया प्रतिबंध को लेकर वैश्विक स्तर पर भी बहस तेज है।
ऑस्ट्रेलिया पहले ही इस तरह का कानून लागू कर चुका है, जबकि कनाडा और यूरोपीय संघ भी इसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। मार्च में यूगॉव के सर्वे में 76% ब्रिटिश नागरिकों ने ऐसे प्रतिबंध का समर्थन किया था, जो प्रमुख यूरोपीय देशों में सबसे अधिक समर्थन माना गया। लेबर नेता एंडी बर्नहैम का कहना है कि सोशल मीडिया, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और बड़ी टेक कंपनियों को नियंत्रित करने का समय आ गया है।



