वॉशिंगटन डीसी1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अगले महीने 14 जून को 80 साल के हो जाएंगे। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह पूरी तरह फिट हैं। व्हाइट हाउस ने ट्रम्प की नई मेडिकल रिपोर्ट शुक्रवार को जारी की है। 3 पन्नों की इस रिपोर्ट में उनकी सेहत को बेहतरीन बताया गया है।
ट्रम्प की मानसिक क्षमता की जांच के लिए मॉन्ट्रियल कॉग्निटिव असेसमेंट (एमओसीए) टेस्ट भी कराया गया। यह करीब 10 मिनट का टेस्ट होता है, जिससे डिमेंशिया, अल्जाइमर या दूसरी मानसिक समस्याओं के संकेतों का पता लगाया जाता है। ट्रम्प को इस टेस्ट में 30 में से पूरे 30 अंक मिले।
व्हाइट हाउस के डॉक्टर शॉन पी. बारबाबेला ने बताया कि राष्ट्रपति पद की जिम्मेदारियां निभाने के लिए ट्रम्प पूरी तरह फिट हैं। उनकी दिले, फेफड़े, दिमाग और शरीर बहुत मजबूत है। ट्रम्प की ‘कार्डियक एज’ यानी दिल की वास्तविक उम्र उनकी असली उम्र से 14 साल कम है।

22 एक्सपर्ट डॉक्टरों ने जांच की
ट्रम्प का यह मेडिकल चेकअप मंगलवार को वॉल्टर रीड नेशनल मिलिट्री मेडिकल सेंटर में हुआ था। ट्रम्प अमेरिका के सबसे अधिक उम्र के राष्ट्रपति हैं।
ऐसे में 22 विशेषज्ञ डॉक्टरों ने उनकी कई तरह की शारीरिक और मानसिक जांच की गई। इसमें CT स्कैन, हार्ट इमेजिंग, कैंसर स्क्रीनिंग और कई प्रिवेंटिव टेस्ट शामिल थे। डॉक्टरों ने उनके दिल का अल्ट्रासाउंड (इकोकार्डियोग्राम) भी किया।
पिछले साल उनके कार्डियोवैस्कुलर सिस्टम की अतिरिक्त जांच हुई थी और उन्हें क्रॉनिक वेनस इनसफिशिएंसी नाम की बीमारी बताई गई थी। इस स्थिति में पैरों की नसों को खून वापस दिल तक पहुंचाने में दिक्कत होती है।
रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रम्प का कॉग्निटिव (याद रखने और फैसले लेने की क्षमता) और फिजिकल परफॉर्मेंस एक्सीलेंट है। डॉक्टर ने लिखा कि ट्रम्प के व्यस्त शेड्यूल, लगातार मीटिंग्स, पब्लिक इवेंट्स और शारीरिक गतिविधियां उनकी ओवरऑल हेल्थ को सपोर्ट करती हैं।
1 साल में 6.3 किलो वजन बढ़ा
ट्रम्प का वजन अब 238 पाउंड यानी करीब 108 किलो है। यह मेडिकल तौर पर मोटेपे के करीब है। अप्रैल 2025 की पिछली मेडिकल जांच में उनका वजन 224 पाउंड यानी करीब 101.6 किलो था।
ट्रम्प पहले सार्वजनिक तौर पर कह चुके हैं कि उन्होंने वजन घटाने वाली दवाएं नहीं ली हैं, हालांकि उन्होंने मजाक में यह भी कहा था कि शायद उन्हें लेनी चाहिए।
जांच में शामिल डॉक्टर बारबाबेला ने ट्रम्प को वजन कम करने, हेल्दी डाइट अपनाने और ज्यादा फिजिकल एक्टिविटी की सलाह दी है। उन्हें कार्डियोवैस्कुलर हेल्थ और वेट लॉस को लेकर काउंसलिंग भी दी गई।
मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, ट्रम्प इस समय कॉलेस्ट्रॉल और हार्ट की तीन दवाएं ले रहे हैं। इनमें दो दवाएं, ‘रोसुवास्टैटिन’ और ‘एजेटिमिब’ कॉलेस्ट्रॉल कंट्रोल के लिए है। वहीं एक लो-डोज ‘एस्पिरिन’ हार्ट संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए दी जा रही है।
डॉक्टरों ने ट्रम्प के हाथों पर पड़े निशानों की वजह बताई
ट्रम्प की सेहत को लेकर पिछले कुछ समय से सवाल उठते रहे हैं। लोगों ने उनके हाथों पर बार-बार नीले निशान देखे हैं। पहले व्हाइट हाउस ने कहा था कि ये लगातार हाथ मिलाने की वजह से हुए हैं।
बाद में ट्रम्प ने कहा कि बाएं हाथ का निशान मेज से टकराने और एस्पिरिन लेने की वजह से पड़ा। डॉक्टर बारबाबेला ने रिपोर्ट में दोनों वजहों का जिक्र करते हुए कहा कि एस्पिरिन लेने वालों में ऐसे निशान पड़ना आम और नुकसानरहित बात है।
रिपोर्ट में कहा गया कि ट्रम्प के पैरों के निचले हिस्से में हल्की सूजन थी, जो पिछले साल की तुलना में बेहतर हुई है। हालांकि, इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई।

फिजिकल टेस्ट और हाथ के निशानों पर उठे सवाल
ट्रम्प और उनके डॉक्टरों पर लंबे समय से यह आरोप लगता रहा है कि वे उनकी सेहत को लेकर बहुत सीमित या जरूरत से ज्यादा सकारात्मक जानकारी सार्वजनिक करते हैं।
2015 में उनके निजी डॉक्टर हैरोल्ड बॉर्नस्टीन ने कहा था कि ट्रम्प राष्ट्रपति चुने जाने वाले सबसे स्वस्थ व्यक्ति होंगे। वहीं 2018 में व्हाइट हाउस के डॉक्टर रॉनी जैक्सन ने कहा था कि अगर ट्रम्प अपना खानपान सुधार लें तो वे 200 साल तक जी सकते हैं।
2024 के चुनाव प्रचार के दौरान भी ट्रम्प के डॉक्टर ने सिर्फ एक पन्ने की संक्षिप्त रिपोर्ट जारी की थी, जिसमें वजन, ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल स्तर और दवाओं जैसी बुनियादी जानकारियां भी शामिल नहीं थीं। चुनाव से पहले ट्रम्प ने अपने कई स्वास्थ्य रिकॉर्ड सार्वजनिक करने से भी इनकार कर दिया था।

पहले कई बार राष्ट्रपति ट्रम्प की गर्दन पर भी निशान देखे गए थे।
————————–
ये खबर भी पढ़ें…
अमेरिका में 250 डॉलर के नोट पर ट्रम्प की तस्वीर:150 साल पुराना नियम बदलने की तैयारी, संसद की मंजूरी बाकी

अमेरिका में डोनाल्ड ट्रम्प की तस्वीर वाले 250 डॉलर के नोट को जारी करने की तैयारी शुरू हो गई है। ट्रम्प सरकार का कहना है कि अगर कांग्रेस (संसद) कानून बदल देती है, तो नया नोट छापने का रास्ता साफ हो जाएगा।
अमेरिकी ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने बताया कि अभी अमेरिका में एक नियम है, जिसके तहत किसी जीवित व्यक्ति की तस्वीर नोट पर नहीं छापी जा सकती। इसी नियम में बदलाव की कोशिश चल रही है। पूरी खबर पढ़ें…



