इंटरनेशनल क्रिकेट हो या आईपीएल, मैदान पर विराट कोहली की इनर्जी देखने को जरूर मिलती है. अपने बेमिसाल प्रतिभा के अलावा विराट कोहली अपने जोश और जुनून के लिए भी विश्व क्रिकेट में पहचाने जाते हैं. आईपीएल 2026 में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में विराट कोहली और ट्रेविस हेड के बीच कहासुनी हो गई थी. मैच खत्म होने के बाद विराट ने हेड से हाथ नहीं मिलाया था. इसका वीडियो खूब वायरल हुआ. अब हेड की वाइफ जेसिका ने बताया कि इस विवाद की वजह से उन्हें सोशल मीडिया पर गालियां मिलीं.
पिछले शुक्रवार को हैदराबाद में खेले गए मैच में ट्रेविस हेड और विराट कोहली के बीच कहासुनी हो गई थी. कोहली ने मैच खत्म होने के बाद ऑस्ट्रेलिया के हेड से हाथ नहीं मिलाया था. सनराइजर्स हैदराबाद ने इस मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराया था.
हेड की वाइफ जेसिका ने कहा कि तब से उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर अपमानजनक टिप्पणियों की बाढ़ आ गई है. जेसिका ने ‘द एडिलेड एडवर्टाइजर’ से कहा, ऐसा लगता है कि जिस तरह से विश्व कप के बाद दुर्व्यवहार किया गया था, वह फिर से दोहराया जा रहा है. मैं सुबह उठी तो मैंने देखा कि मेरे सोशल मीडिया अकाउंट्स पर लगातार मैसेज आ रहे हैं. वे मेरे दोस्तों और परिवार के खिलाफ भी अपमानजनक टिप्पणियां कर रहे हैं.
यह बात उन्होंने 2023 में खेले गए वनडे विश्व कप के फाइनल के संदर्भ में कही जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारत को हराया था और हेड ने 137 रन की शानदार पारी खेली थी. इसके लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला था.
इस बीच भारत के पूर्व खिलाड़ी वसीम जाफर ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा कि कोहली को हेड से हाथ मिलाना चाहिए था. उन्होंने कहा, उस बात को वहीं पर खत्म कर देना चाहिए था. उन्हें हाथ मिलाकर उसे भूल जाना चाहिए था. कोहली इस खेल के दूत हैं और यह (हाथ नहीं मिलाना) सही नहीं था. वह इतने बड़े खिलाड़ी हैं कि उन्हें ऐसा नहीं करना चाहिए था.
यह भी पढ़ें-
प्लेऑफ में पहुंचने के बाद भी खुश नहीं राजस्थान के कप्तान रियान पराग, बोले- हमने बहुत देर…


