मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स (MI vs RR) मुकाबले पर पंजाब और कोलकाता की भी नजरें टिकी रहेंगी. वानखेड़े स्टेडियम में होने वाले इस मैच में अगर राजस्थान जीती तो प्लेऑफ में जाएगी, नहीं तो वो आधिकारिक रूप से बाहर होने वाली चौथी टीम बन जाएगी. वैभव सूर्यवंशी और जसप्रीत बुमराह के बीच होने वाली टक्कर देखने लायक होगी, क्योंकि पिछली बार 15 वर्षीय बल्लेबाज ने दुनिया के सबसे खतरनाक गेंदबाज की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा था. जानिए आज पिच से किसे फायदा मिलेगा.
मुंबई इंडियंस प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी है. राजस्थान रॉयल्स के पास जीत के आलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं है, अगर टीम हारी तो बाहर. हालांकि इस बार MI का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है, लेकिन फिर भी उन्हें उनके होमग्राउंड पर हराना राजस्थान के लिए आसान नहीं होने वाला. जसप्रीत बुमराह भी पूरे सीजन फॉर्म में नहीं दिखे. दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल, दोनों ही विस्फोटक अंदाज में शुरुआत करते हैं.
MI vs RR हेड टू हेड
- कुल मैच: 32
- मुंबई ने जीते: 16
- राजस्थान ने जीते: 15
- बेनतीजा: 1
यह भी पढ़ें- राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच से पहले मुंबई इंडियंस ने खेला बड़ा दांव, 2 रिप्लेसमेंट का किया ऐलान
मुंबई में बारिश की संभावना
आज मौसम मैच के अनुकूल नहीं है, मुंबई में आज बारिश हो सकती है. मैच दोपहर में 3:30 बजे होगा, 4 बजे के करीब बारिश की संभावना 35 प्रतिशत बताई गई है. आज शहर में आंधी-तूफान की भी आशंका जताई गई है. मैच के दौरान तापमान 32-33 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा.
MI vs RR मैच की पिच रिपोर्ट
मुंबई इंडियंस बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच वानखेड़े स्टेडियम की पिच नंबर-6 पर खेला जाएगा. ये इस पिच पर इस संस्करण का तीसरा मैच होगा. दोपहर में होने वाले इस मैच में पहले बल्लेबाजी करना बुरा नहीं रहेगा, हालांकि मौसम को देखते हुए कप्तान पहले गेंदबाजी चुन सकते हैं.
पिच बल्लेबाजों के अनुकूल रहेगी, लेकिन तेज हवाएं चलने की संभावना के बीच तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है. ऐसे में जसप्रीत बुमराह को स्विंग और सीम मिल सकता है, जिससे वह और भी ज्यादा खतरनाक हो जाएंगे. लेकिन अगर हवा नहीं चली, तो फिर बल्लेबाजों को बड़े हिट्स लगाने में कोई परेशानी नहीं होगी और तब वैभव बड़ी पारी खेल सकते हैं.
यह भी पढ़ें- 1 स्पॉट, 3 दावेदार और 2 मैच… समझिए प्लेऑफ का गणित, RR, PBKS और KKR कैसे कर सकती है क्वालीफाई?
वानखेड़े स्टेडियम का IPL रिकॉर्ड
वानखेड़े स्टेडियम में IPL के 129 मैच खेले गए हैं, जिसमें से 59 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम और 67 मैच चेज करने वाली टीम ने जीते हैं. यहाँ पहली पारी का एवरेज स्कोर 172 है, लेकिन आज की पिच को देखते हुए 210-220 का टोटल अच्छा रहेगा.
इस वेन्यू पर सर्वाधिक टीम टोटल 249 का है, जो SRH ने इसी साल बनाया था. सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर एबी डिविलियर्स के नाम है, जिन्होंने 2015 में 133 रन बनाए थे. यहां सबसे बड़ा सफल रन चेज 229 का है, जो मुंबई ने इसी साल लखनऊ के खिलाफ हासिल किया था.


