लखनऊ28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पंजाब किंग्स ने IPL 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हरा दिया। श्रेयस अय्यर IPL के रनचेज में शतक लगाने वाले चौथे कप्तान बने। उन्होंने टी-20 क्रिकेट में अपने 7 हजार रन भी पूरे किए। शमी ने प्रियांश आर्या को आउट कर IPL में छठी बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया।
लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में मैच के दौरान कुछ फैंस ने चीयरलीडर से बदसलूकी की। शिकायत के बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन फैंस को फटकार लगाई और कारवाई की चेतावनी भी दी। इसका वीडियो सोशल प्लेटफार्म X पर पोस्ट हुआ।
20 सेकंड के वीडियो में कुछ फैंस चीयरलीडर को परेशान कर रहे हैं और चीयरलीडर फैंस को ऐसा नहीं करने के लिए कह रही है। एक महिला पुलिस कर्मी भी फैंस को डांट लगाती दिख रही है। वीडियो देखिए…
पंजाब-लखनऊ मैच के टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स
1. पंजाब लगातार 6 मैच हारने के बाद जीती
IPL में पंजाब किंग्स की सबसे लंबी हार का सिलसिला 2015 में 7 मैचों का रहा था। 2026 में टीम लगातार 6 मैच हार चुकी थी, लेकिन लखनऊ के खिलाफ जीत के साथ यह सिलसिला टूट गया। इससे पहले पंजाब को 2011, 2018 और 2020 में लगातार 5-5 हार मिली थीं।
साथ ही पंजाब का लखनऊ के खिलाफ दबदबा जारी रहा। टीम ने 2025 के बाद से लखनऊ के खिलाफ सभी 4 मुकाबले जीते हैं। लखनऊ में खेले गए पिछले 4 मैचों में यह पंजाब की तीसरी जीत भी रही।

2. श्रेयस रनचेज में शतक लगाने वाले चौथे कप्तान
श्रेयस ने लखनऊ के खिलाफ आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया। इसके साथ ही वे रनचेज में शतक लगाने वाले चौथे कप्तान बन गए। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग (2011), विराट कोहली (2016), संजू सैमसन (2021) रन चेज में बतौर कप्तान IPL में शतक लगा चुके हैं।
इसके अलावा श्रेयस पंजाब के लिए शतक लगाने वाले तीसरे कप्तान भी बने। उनसे पहले केएल राहुल ने 2020 और एडम गिलक्रिस्ट ने 2011 में बेंगलुरु के खिलाफ शतक लगाए थे।

3. शमी ने सबसे ज्यादा बार पारी की पहली गेंद पर विकेट लिए
मोहम्मद शमी IPL में सबसे ज्यादा बार पारी की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। उन्होंने पंजाब के खिलाफ प्रियांश आर्या को पहली गेंद पर कैच आउट कराया। उन्होंने टूर्नामेंट में रिकॉर्ड छठी बार यह कारनामा किया। दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने 5 बार इनिंग की पहली गेंद पर विकेट लिए हैं।

4. अर्शदीप ने पंजाब के लिए सबसे ज्यादा बार 50+ रन दिए
अर्शदीप सिंह पंजाब की ओर से सबसे ज्यादा बार 50 या उससे अधिक रन देने वाले गेंदबाज बन गए हैं। वे अब तक 7 बार यह आंकड़ा छू चुके हैं। इस लिस्ट में सैम करन दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने पंजाब के लिए 4 बार 50+ रन दिए हैं।

5. प्रभसिमरन दो सीजन में 500+ रन बनाने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी
प्रभसिमरन सिंह ने इस सीजन के लीग स्टेज में 510 रन बना दिए। वे पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने दो सीजन में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं।

6. पंजाब के लिए IPL की 5वीं सबसे बड़ी साझेदारी हुई
श्रेयस और प्रभसिमरन ने लखनऊ के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए 140 रन की साझेदारी की। यह पंजाब के किसी भी विकेट के लिए 5वीं सबसे बड़ी साझेदारी है। पहले नंबर पर एडम गिलक्रिस्ट और शॉन मार्श हैं, जिन्होंने साल 2011 में बेंगलुरु के खिलाफ 206 रन जोड़े थे।

यहां से मैच के टॉप-7 मोमेंट्स…
1. उमरजई ने अपनी पहली गेंद पर ही विकेट लिया
मैच के दूसरे ओवर में ही लखनऊ को पहला झटका लगा। ओवर की पहली गेंद पर ही अजमतुल्लाह उमरजई ने अर्शिन कुलकर्णी का विकेट लिया। उमरजई ने ऑफ स्टंप के बाहर बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली। गेंद ने अर्शिन के बल्ले किनारा लिया और सीधे विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह के दस्तानों में चली गई। अर्शिन बिना खाता खोले पहली गेंद पर ही पवेलियन लौटे।

उमरजई की गेंद पर अर्शिन कुलकर्णी गोल्डन डक हुए। उमरजई सेलिब्रेट करते हुए।
2. बडोनी अजीबो-गरीब तरीके से आउट हुए
लखनऊ की पारी के 7वें ओवर में बल्लेबाज आयुष बडोनी अनोखे अंदाज में स्टंप आउट हुए। युजवेंद्र चहल ने ओवर की चौथी गेंद तेजी से फ्लाइट कराई, जिस पर बडोनी चकमा खा गए। शॉट खेलने के बाद उन्होंने क्रीज से पैर उठाया और फिर वापस क्रीज में रखा। इस दौरान विकेटकीपर प्रभसिमरन ने स्टंपिंग की। ऐसा लगा कि बल्लेबाज क्रीज में आ गए हैं और चहल रनअप पर जाने लगे। तभी प्रभसिमरन ने अंपायर से अपील की। इसके बाद रिप्ले में दिखा की शॉट खेलने के बाद जब बदोनी ने पैर उठाया, उसी दौरान गिल्लियां बिखेरी।

बडोनी को स्टंपिंग करते विकेटकीपर प्रभसिमरन सिंह।
3. श्रेयस ने छोड़ा पंत का कैच, 2 गेंद बाद आउट हुए
पंजाब के खिलाफ ऋषभ पंत जीवनदान मिलने के दो गेेंद बाद ही आउट हो गए। पहली पारी के 14वें ओवर में चहल की तीसरी गेंद को पंत ने एक्स्ट्रा कवर की ओर खेला। वहां खड़े श्रेयस के पास कैच पकड़ने का मौका था, लेकिन गेंद हाथ से छिटक गई। इसकी अगली गेंद पर पंत ने चौका जड़ दिया। इसके बाद पंत ने ऑन साइड में सिक्स लगाने की कोशिश की, लेकिन गेंद डीप में खड़े मार्को यानसन के हाथों में चल गई।

पंत ने कैच छूटने के बाद अगली गेंद पर चौका जड़ा, फिर आउट हो गए।
4. दूसरी पारी की पहली गेंद पर विकेट गिरा
पंंजाब की पारी विकेट के साथ शुरु हुई। इनिंग की पहली ही गेंद पर मोहम्मद शमी ने प्रियांश आर्या को शॉर्ट-पिच गेंद फेंकी। प्रियांश पुल शॉट खेलते हुए बैलेंस खो बैठे। गेंद बल्ले के टॉप एज पर लगी और मिड-विकेट पर खड़े अर्जुन तेंदुलकर की ओर गई। अर्जुन ने आसान कैच पकड़ा और प्रियांश गोल्डन डक का शिकार हुए।

प्रियांश, शमी की गेंद पर गोल्डन डक हुए। अर्जुन तेंदुलकर ने उनका कैच पकड़ा।
5. अर्जुन तेंदुलकर के पहले ओवर में पंत ने कैच छोड़ा
अर्जुन के पहले ही ओवर में विकेटकीपर ऋषभ पंत ने प्रभसिमरन सिंह का कैच छोड़ दिया। दूसरी पारी में 7वें ओवर की चौथी गेंद अर्जुन ने बाउंसर फेंकी। प्रभसिमरन ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके ग्लव्स को छूकर विकेट के पीछे गई। पंत ने बाई ओर छलांग लगाते हुए कैच पकड़ा, लेकिन आखिरी वक्त में गेंद उनके दस्तानों से छिटक गई। इस तरह अर्जुन को पहले ओवर में विकेट मिलने का मौका चला गया।

अर्जुन कैच छूटने के बाद नाराज दिखे, हालांकि 15वें ओवर में उन्होंने प्रभसिमरन को आउट किया।
6. श्रेयस ने टी-20 में 7 हजार रन पूरे किए
श्रेयस अय्यर ने टी-20 क्रिकेट में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने रनचेज के 7वें ओवर में अपने 7 हजार रन पूरे किए। अर्जुन तेंदुलकर के ओवर की तीसरी गेंद को श्रेयस ने स्वीपर कवर की ओर खेलकर सिंगल लिया। इसी के साथ उन्होंने यह आंकड़ा छुआ।

श्रेयस ने अर्जुन की गेंद पर सिंगल लेकर अपने 7 हजार रन पूरे किए।
7. श्रेयस ने छक्के से सेंचुरी पूरी की और पंजाब जीता
रनचेज के 18वें ओवर की आखिरी गेंद पर श्रेयस ने छक्का लगाकर IPL का अपना पहला शतक लगाया। इसके साथ ही पंजाब यह मैच जीत जहैया। 95 रन पर खेल रहे श्रेयस ने मोहसिन खान की स्लोअर गेंद पर सिक्स जड़ दिया।

श्रेयस ने सिक्स जड़कर IPL का अपना पहला शतक लगाया।
——————————————————–
IPL से जुड़ी यह खबर भी पढ़िए…
अय्यर के पहले IPL शतक से पंजाब जीता:प्लेऑफ की उम्मीदें कायम

IPL में शनिवार को पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराकर प्लेऑफ की उम्मीदें की कायम रखीं। इकाना स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 196 रन बनाए। जवाब में पंजाब ने 18 ओवर में 3 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया। पढ़ें पूरी खबर



