राघव चड्ढा और 6 अन्य राज्यसभा सांसदों के आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर बीजेपी में शामिल होने की घोषणा ने भारत की राजनीति में एक बड़ा भूचाल ला दिया है. इस घटनाक्रम ने जहां आप के भविष्य पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, वहीं बीजेपी के लिए पंजाब और राष्ट्रीय राजनीति में नई संभावनाओं के दरवाजे खोल दिए हैं. इस उठापटक के बाद 4 सिनेरियो बन रहे हैं, जिनके बारे में जानेंगे एक्सप्लेनर में…
सिनेरियो 1: मोदी कैबिनेट का विस्तार होगा, नए लोगों को मिलेगा ‘तोहफा’
फिलहाल, मोदी कैबिनेट के तत्काल विस्तार की कोई पुष्ट खबर सामने नहीं आई है. पॉलिटिकल एक्सपर्ट और CSDS के प्रोफेसर संजय कुमार कहते हैं, ‘जब सात सांसदों का एक समूह पार्टी में शामिल होता है, खासकर जब उसमें राघव चड्ढा जैसे युवा और मुखर चेहरे शामिल हों, तो उन्हें मंत्रिमंडल में जगह देकर ‘पुरस्कृत’ करना एक स्थापित राजनीतिक परंपरा रही है. यह कदम न सिर्फ दल-बदल कर आए नेताओं को साधने का काम करेगा, बल्कि दूसरे दलों के असंतुष्ट नेताओं को भी बीजेपी में शामिल होने का एक मजबूत संकेत देगा. बीजेपी के इतिहास पर नजर डालें तो पार्टी ने अक्सर ‘बड़े पैमाने पर शामिल होने’ वालों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं, हालांकि कैबिनेट में जगह देना एक जटिल समीकरण है जो जातीय, क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन पर निर्भर करता है.’
सिनेरियो 2: पंजाब चुनाव में बीजेपी को राघव के रूप में मिला बड़ा चेहरा
संजय कुमार कहते हैं कि यह सबसे अहम सवाल है और इसका जवाब काफी हद तक ‘हां’ में हो सकता है. राघव चड्ढा के बीजेपी में शामिल होने से पंजाब में पार्टी को वो बड़ा ‘युवा सिख चेहरा’ मिल सकता है, जिसकी उसे लंबे समय से कमी खल रही थी.
पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कुछ दिन पहले एक इंटरव्यू में इस बात को स्वीकार किया था कि पार्टी का प्रदेश में कोई स्थानीय बड़ा चेहरा नहीं था और तब उन्होंने कहा था, ‘पंजाब और भारत में हमारा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हमारी विचारधारा है.’ इसके अलावा, उन्होंने यह भी कहा था कि एक बार जब पार्टी सभी 117 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी, तो नेतृत्व अपने आप विकसित हो जाएगा.
संजय कुमार के मुताबिक, राघव चड्ढा अब इस कमी को पूरा कर सकते हैं. वह एक जाने-माने चेहरा हैं, पंजाब से आते हैं, संसद में उनकी कार्यशैली की प्रशंसा होती रही है और वह मीडिया की सुर्खियों में बने रहने की क्षमता रखते हैं. 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए, बीजेपी उन्हें पंजाब में अपना मुख्य चेहरा बनाकर पेश कर सकती है, खासकर तब जब पार्टी आम आदमी पार्टी के ‘बाहरी’ नेतृत्व (अरविंद केजरीवाल) के खिलाफ ‘पंजाब का अपना बेटा’ का नैरेटिव गढ़ रही है.
सिनेरियो 3: पंजाब में आप पार्टी की आखिरी पारी पूरी हुई
संजय कुमार का मानना है कि आप पार्टी के लिए पंजाब में ‘खेल खत्म’ कहना अभी जल्दबाजी होगी, लेकिन यह निश्चित रूप से आप के लिए ‘अंत की शुरुआत’ का संकेत है. पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ पहले ही कह चुके हैं कि ‘राघव चड्ढा प्रकरण पंजाब में आप के अंत की शुरुआत का संकेत है और एक मान्यता प्राप्त पार्टी के रूप में आप के विलुप्त होने की उल्टी गिनती शुरू हो गई है.’
इसके 3 बड़े कारण हैं:
- संगठनात्मक कमजोरी: पंजाब आप का आखिरी गढ़ है. इतने बड़े स्तर पर दल-बदल से पार्टी के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं का मनोबल टूटेगा, जिससे जमीनी स्तर पर पार्टी कमजोर होगी.
- पहले से जारी घटनाक्रम: जाखड़ ने पहले ही आप के बिखराव का जिक्र करते हुए ललजीत सिंह भुल्लर से जुड़े विवाद, बलात्कार के आरोपों में गिरफ्तार हरमीत सिंह पठानमाजरा और राघव चड्ढा की दूरी जैसे मामलों को पार्टी के पतन का सबूत बताया था.
- बाहरी नेतृत्व का आरोप: बीजेपी पहले से ही आप के खिलाफ ‘बाहरी’ होने का आरोप लगा रही है, जो पंजाब की जनता के बीच असरदार साबित हो रहा है.
हालांकि, सत्ता में होने के कारण आप के पास अभी भी संसाधन और सरकारी मशीनरी है. वह स्थिति को संभालने की पूरी कोशिश करेगी, लेकिन यह बड़ा झटका 2027 के चुनावों में उसकी राह को बेहद कठिन बना देगा.
सिनेरियो 4: 10 में से 7 सांसदों के जाने से आप का सूपड़ा साफ हो गया
गणितीय रूप से देखें तो यह ‘आप’ के लिए एक विनाशकारी क्षति है, जिसे ‘सूपड़ा साफ’ होने जैसा ही कहा जाएगा…
- राज्यसभा में स्थिति: आप के पास राज्यसभा में कुल 10 सांसद थे. 7 के इस्तीफे के बाद अब सिर्फ 3 बचे हैं . इससे उच्च सदन में पार्टी की आवाज और विधायी प्रभाव लगभग खत्म हो जाएगा. इसके अलावा, नियमों के अनुसार दल-बदल करने वाले सांसदों को अयोग्यता का सामना नहीं करना पड़ेगा क्योंकि वे पार्टी के ‘दो-तिहाई’ बहुमत का प्रतिनिधित्व करते हैं, जो संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत एक सुरक्षित रास्ता है.
- राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा: यह सामूहिक इस्तीफा आप के राष्ट्रीय पार्टी के दर्जे के लिए एक बड़ा खतरा है. चुनाव आयोग यह दर्जा देने के लिए राज्यसभा और लोकसभा में सांसदों की संख्या समेत कई कारकों पर गौर करता है. इतनी बड़ी संख्या में सांसदों के जाने से यह दर्जा समीक्षा के दायरे में आ सकता है.
- प्रतीकात्मक क्षति: यह सिर्फ संख्या का मामला नहीं है. जिन नेताओं ने पार्टी छोड़ी, उनमें संदीप पाठक (राष्ट्रीय महासचिव), स्वाति मालीवाल (पूर्व DCW अध्यक्ष) और हरभजन सिंह (पूर्व क्रिकेटर) जैसे प्रमुख चेहरे शामिल हैं. यह बिखराव एक संदेश है कि पार्टी के भीतर अपने ही शीर्ष नेतृत्व से गहरा असंतोष है. राघव चड्ढा ने कहा, ‘पार्टी अपने लक्ष्यों से भटक गई है और निजी फायदे के लिए काम कर रही है.’ इस आंतरिक कलह को सार्वजनिक रूप से उजागर करता है.
राघव चड्ढा और उनके सहयोगियों का दल-बदल आम आदमी पार्टी के लिए एक अस्तित्व का संकट पैदा करता है. यह घटनाक्रम न सिर्फ पंजाब में बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी के राजनीतिक भविष्य पर एक बड़ा सवाल खड़ा करता है. वहीं, बीजेपी के लिए यह एक रणनीतिक जीत है, जो उसे पंजाब में एक मजबूत स्थानीय चेहरा और संगठनात्मक बढ़त दे सकती है.


