Wednesday, April 22, 2026
HomeBreaking News'अगर हम रन-आउट और कैच का मौका भुनाते, तो...', दिल्ली कैपिटल्स के...

‘अगर हम रन-आउट और कैच का मौका भुनाते, तो…’, दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने हार के बाद दे दिया बड़ा बयान


दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 31वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के खिलाफ 47 रन से हार का सामना करना पड़ा. डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने स्वीकारा है कि विपक्षी टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा को आउट करने के मौके गंवाना उनकी टीम पर भारी पड़ा है.

राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने 2 विकेट खोकर 242 रन बनाए. अभिषेक शर्मा ने 68 गेंदों में 20 बाउंड्री के साथ 135 रन की नाबाद पारी खेली. इसके जवाब में दिल्ली कैपिटल्स निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी.

हार के बाद डीसी के कप्तान अक्षर पटेल ने शतकवीर अभिषेक शर्मा को आउट करने के मौकों को गंवाने पर कहा, “रन-आउट का मौका और जो कैच हमने छोड़ा, अगर वह पकड़ लेते तो हम उन्हें रोक सकते थे. लेकिन हां, अगर कोई बल्लेबाज इतनी अच्छी बल्लेबाजी करे और उसके शॉट्स का निष्पादन बेहतरीन हो, तो ऐसे प्रदर्शन का श्रेय देना चाहिए.”

यह भी पढ़ें- MS Dhoni की वापसी पर लगी मुहर, CSK ने खुद दिया अपडेट; MI के खिलाफ माही का पहला मैच

उन्होंने कहा, “फील्डिंग का हिस्सा आपके हाथ में होता है. कैच पकड़ना और रन-आउट करना, यह चीजें आप नियंत्रित कर सकते हैं. ऐसे समय में गेंदबाजों का समर्थन करना बहुत जरूरी होता है. मुझे लगता है कि हम वहीं बेहतर कर सकते थे.”

एसआरएच की पारी के दौरान हेनरिक क्लासेन ने अभिषेक शर्मा का बखूबी साथ दिया. क्लासेन ने 13 गेंदों में 3 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ नाबाद 37 रन बनाए. उन्होंने अभिषेक के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रन की अटूट साझेदारी की.

डीसी के कप्तान अक्षर ने क्लासेन की तारीफ में कहा, “जिस तरह दूसरी ओर से हेनरिक क्लासेन ने बल्लेबाजी की, उसमें गेंदबाजों की गलती नहीं थी. जब कोई बल्लेबाज इस तरह खेलता है, तो कोच और कप्तान को मानना पड़ता है कि कप्तान भी उसे रोक नहीं सकता. मैं गेंदबाजों से भी यही कह रहा था कि अगर आपने अपनी योजना सही तरीके से लागू की और उसके बाद भी उसने अच्छा शॉट खेला, तो आप ज्यादा कुछ नहीं कर सकते. आपको आगे बढ़ना होता है.”

आगामी मुकाबलों में बदलावों के बारे में पूछने पर पटेल ने कहा, “नहीं, अभी ऐसा महसूस नहीं होता. जिस तरह का क्रिकेट चल रहा है, अगर देखें तो हम बल्लेबाजी भी अच्छी कर रहे हैं और गेंदबाजी भी. जब विकेट इतना अच्छा हो, तो इसे एक खराब दिन मानकर भूल जाना चाहिए.”

यह भी पढ़ें- चीखे चिल्लाए थे, गुस्साया था या डांट लगाई थी? तिलक वर्मा ने बताया क्या बोले थे हार्दिक पांड्या



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments