Saturday, April 18, 2026
Homeराजनीतिटीवीके प्रमुख विजय ने चुनाव घोषणापत्र जारी किया, महिलाओं को 2500 रुपये...

टीवीके प्रमुख विजय ने चुनाव घोषणापत्र जारी किया, महिलाओं को 2500 रुपये की मासिक सहायता देने का वादा,


Tamil Nadu Assembly Election 2026: तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख विजय ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार को अपनी पार्टी का घोषणापत्र जारी किया, जिसमें महिलाओं के कल्याण पर खासतौर पर जोर दिया गया है.

विजय के घोषणापत्र में ये वादे शामिल 

घोषणापत्र में 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं के लिए 2,500 रुपये की मासिक सहायता और गरीब तबके की महिलाओं की शादी के वास्ते आठ ग्राम सोना देने का वादा किया गया है.

विजय ने इन महिलाओं की शादी के लिए सोने के अलावा उच्च गुणवत्ता वाली रेशम की एक साड़ी देने का भी वादा किया. उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित स्वयं सहायता समूहों के वास्ते पांच लाख रुपये तक के ब्याज मुक्त ऋण का आश्वासन दिया.

यह भी पढ़ें: तमिलनाडु चुनाव: विजय की पार्टी टीवीके सभी 234 सीटों पर अकेले लड़ेगी इलेक्शन, कर दी बड़ी घोषणा

घोषणापत्र में शिक्षा को भी महत्व दिया गया है. स्कूली पढ़ाई छोड़ने वाले बच्चों की संख्या को रोकने के लिए, सरकारी और राज्य-सहायता प्राप्त स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की माताओं या अभिभावकों को प्रतिवर्ष 15,000 रुपये दिये जाने का वादा किया गया है.

उन्होंने सत्ता में आने पर भ्रष्टाचार मुक्त सुशासन का भी आश्वासन दिया.

बेरोजगारी हटाना, उच्च शिक्षा का वादा

विजय ने प्रतिष्ठित नेता कामराज के नाम पर 100 विशेष आवासीय स्कूलों और 20 लाख रुपये तक के उच्च शिक्षा ऋण का वादा किया. उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) मंत्रालय, एआई विश्वविद्यालय और एआई शहर की स्थापना का भी आश्वासन दिया.

घोषणापत्र में कृषि कल्याण पर भी विशेष बल दिया गया है. टीवीके प्रमुख ने आश्वासन दिया है कि पांच एकड़ से कम भूमि वाले किसानों के कृषि सहकारी फसल ऋण पूरी तरह माफ कर दिए जाएंगे, जबकि पांच एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को 50 प्रतिशत ऋण माफी मिलेगी.

इसके अलावा, पार्टी ने धान के लिए 3,500 रुपये प्रति क्विंटल और गन्ने के लिए 4,500 रुपये प्रति टन के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का वादा किया.

बेरोजगारी की समस्या से निपटने के लिए, विजय ने पांच लाख नयी सरकारी नौकरियां सृजित करने का वादा किया. घोषणापत्र में वादा किया गया है कि बेरोजगार स्नातकों को प्रति माह 4,000 रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी.

पार्टी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना पर विचार करने और नर्सों समेत संविदा कर्मचारियों को नियमित करने का आश्वासन दिया.

स्वास्थ्य के क्षेत्र में, उन्होंने तमिलनाडु को नशामुक्त बनाने का वादा किया. विजय ने अस्पतालों के आधुनिकीकरण, मुफ्त वार्षिक स्वास्थ्य जांच और 25 लाख रुपये की पारिवारिक स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने की भी प्रतिबद्धता जताई.

घोषणापत्र में बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए 3,000 रुपये की मासिक पेंशन, 200 यूनिट मुफ्त बिजली, पट्टा नियमितीकरण और सभी घरों के लिए पाइप से शत-प्रतिशत पेयजल आपूर्ति का वादा भी शामिल है.

विजय ने राशन जैसी सेवाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाने की व्यवस्था लागू करने का भी वादा किया. उन्होंने आश्वासन दिया कि व्यापार करने में सुगमता उनकी सरकार के लिए सर्वोपरि होगी और उन्होंने यह सुनिश्चित करने का वादा किया कि व्यावसायिक लाइसेंस 21 दिनों के भीतर जारी किए जाएंगे.

तमिलनाडु की 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा और मतगणना चार मई को होगी.

यह भी पढ़ें- West Bengal Elections 2026: बंगाल चुनाव से पहले EC सख्त! बर्नोल-बोरोलीन का जिक्र कर क्या कहा जानिए



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments