Wednesday, April 15, 2026
Homeराजनीति'दीदी को टाटा कहने का समय', अमित शाह का ममता सरकार पर...

‘दीदी को टाटा कहने का समय’, अमित शाह का ममता सरकार पर हमला, घुसपैठ और बॉर्डर फेंसिंग को लेकर किये ये बड़े वादे


Amit Shah Speech: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने घुसपैठ, किसानों की समस्याओं और बॉर्डर सुरक्षा जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा की सरकार बनने पर बड़े वादे किए.

अमित शाह ने कहा कि चुनाव आयोग एसआईआर कर रहा है और घुसपैठियों के नाम सूची से हटाए जा रहे हैं, लेकिन ममता बनर्जी उनके लिए रो रही हैं. उन्होंने कहा, “दीदी, आपका समय अब समाप्त हो गया है. जनता आपको टाटा कह रही है.” अमित शाह ने यह भी कहा कि केवल उत्तर बंगाल ही नहीं, बल्कि पूरे देश से घुसपैठियों को चुन-चुनकर निकालने का काम भाजपा करेगी.

किसानों के मुद्दे पर सरकार को घेरा

केंद्रीय गृह मंत्री ने ममता सरकार पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसानों की खुशहाली के लिए कोल्ड स्टोरेज की जरूरत थी, लेकिन राज्य सरकार ने इस दिशा में कोई काम नहीं किया. उन्होंने वादा किया कि अगर बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो किसानों के लिए कोल्ड स्टोरेज बनाने का काम किया जाएगा.

बॉर्डर फेंसिंग को लेकर बड़ा ऐलान

अमित शाह ने कहा कि भाजपा की सरकार बनते ही 45 दिन के अंदर बॉर्डर फेंसिंग के लिए जरूरी 600 एकड़ जमीन केंद्र सरकार को दे दी जाएगी. उन्होंने कहा कि इसके बाद सीमा पर फेंसिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा. जनसभा में भारी भीड़ का जिक्र करते हुए अमित शाह ने कहा कि 4 तारीख को ममता बनर्जी को “टाटा बाय-बाय” कहने का समय आ गया है. उन्होंने दावा किया कि 5 मई को पश्चिम बंगाल में पहली बार पूर्ण बहुमत के साथ भाजपा की सरकार बनेगी.

ममता बनर्जी ने साधा निशाना

पश्चिम मेदिनीपुर में ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और केंद्रीय बलों पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा, “पुलिस शांति बनाए रखने के लिए होती है, केंद्रीय पुलिस को भी शांति बनाए रखनी चाहिए. हमें कोई आपत्ति नहीं है, आप 2 लाख नहीं 10 लाख जवान भेज दीजिए… लेकिन मैं यह नहीं कह रही कि किसी को मारो, दंगे कराओ या अत्याचार करो. सवाल यह है कि क्या आप अपने अधिकारों की रक्षा करेंगे या नहीं? मैं पूरे दिन इसी काम में लगी हूं. मैंने आपके लिए सुप्रीम कोर्ट में केस भी दायर किया है.”

ममता बनर्जी ने आगे आरोप लगाया कि, “आईसी से लेकर ओसी और सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि तृणमूल कांग्रेस के बूथ एजेंटों को गिरफ्तार कर लिया जाए, ताकि वे बूथ पर बैठ न सकें. जब मैं यह कह रही हूं तो जिम्मेदारी के साथ कह रही हूं, क्योंकि मैंने खुद वह सर्कुलर देखा है. आप किसे धमका रहे हैं? अगर हिम्मत है तो जनता से सीधे मुकाबला कीजिए. आपने इतने वोट क्यों हटा दिए? क्योंकि आपको बंगाल की जनता से डर लगता है.”

ये भी पढ़ें : बंगाल में सियासी भूचाल: TMC का हमला- ED बनी ‘Extremely Desperate’, BJP-लेफ्ट बोले- भ्रष्टाचार का नेटवर्क उजागर

अमित शाह ने कहा कि ममता बनर्जी की जगह भाजपा सरकार आने का मतलब है “घुसपैठिया मुक्त बंगाल” बनाना. उन्होंने दोहराया कि भाजपा एक-एक घुसपैठिए को चिन्हित कर उन्हें बाहर करने का काम करेगी.



Source link

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments