Mercedes-Benz G-Class Price: भारत में कुछ गाड़ियों का जबरदस्त क्रेज हैं। महिंद्रा थार, महिंद्रा स्कॉर्पियो, टाटा सफारी, टोयोटा फॉर्च्यूनर, लैंड रोवर डिफेंडर, मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास उन गाड़ियों की लिस्ट में शुमार हैं, जो भारतीयों के बीच बहुत ही ज्यादा पॉपुलर हैं। लैंड रोवर डिफेंडर और मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास आम लोगों की पहुंच से काफी दूर हैं, क्योंकि इन गाड़ियों की कीमत और मेनटेनेंस काफी ज्यादा है। खासतौर पर आम भारतीय भी ऐसी गाड़ियों में ही ज्यादा दिलचस्पी रखता है, जो उनकी पहुंच से दूर है। भारत में मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास, G-Wagon के नाम से फेमस है और आम भारतीयों के बीच काफी पॉपुलर है। इसी सिलसिले में आज हम जानेंगे कि मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास खरीदने के लिए कितनी सैलरी होनी चाहिए और इसके लिए कितनी ईएमआई जाएगी।
मर्सिडीज जी-वैगन की कीमत
भारत में मर्सिडीज-बेंज जी-क्लास यानी G-Wagon का एक्स-शोरूम प्राइस 2.55 करोड़ रुपये से शुरू होकर 4.30 करोड़ रुपये तक जाता है। एक्स-शोरूम प्राइस के साथ आपको आरटीओ, इंश्योरेंस के लिए अच्छी-खासी रकम चुकानी होती है। इसके अलावा, गाड़ी पर और भी कई तरह के चार्जेस होते हैं, जिसके बाद इसकी ऑन-रोड कीमत 3 करोड़ रुपये से लेकर 4.95 करोड़ रुपये तक पहुंच जाती है।
मर्सिडीज जी-वैगन खरीदने के लिए होना चाहिए मोटा पैसा
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि आपकी कार की कीमत आपकी सालाना इनकम के 50% से ज्यादा नहीं होनी चाहिए, ताकि आपकी वित्तीय स्थिति बेहतर बनी रहे और आपको किसी भी तरह की आर्थिक समस्याएं न हों और आपका इंवेस्टमेंट भी सुरक्षित रहे। यानी अगर आप मर्सिडीज जी-वैगन का 3 करोड़ रुपये वाला बेस मॉडल भी खरीदना चाहते हैं तो आपकी सालाना इनकम लगभग 6 करोड़ रुपये होनी चाहिए।
EMI का गणित
अगर आप दिल्ली में रहते हैं और जी-वैगन का बेस मॉडल खरीदना चाहते हैं और इसकी कीमत 3 करोड़ रुपये का 20 प्रतिशत यानी 60 लाख रुपये का डाउन पेमेंट करना चाहिए। 3 करोड़ रुपये की गाड़ी के लिए 60 लाख रुपये का डाउन पेमेंट करने पर आपको 2.40 करोड़ रुपये का लोन लेना होगा।
मौजूदा समय में बैंक 8.00 प्रतिशत तक की ब्याज दरों पर कार लोन मुहैया कर रहे हैं। अगर आप 5 साल के लिए भी 2.40 करोड़ रुपये का कार लोन लेते हैं तो आपको हर महीने लगभग 4.86 लाख रुपये की EMI चुकानी होगी। इस हिसाब से आपको 5 साल में सिर्फ ब्याज का ही 52 लाख रुपये चुकाना होगा। अगर आप 7 साल के लिए लोन लेते हैं तो आपको हर महीने लगभग 3.74 लाख रुपये की EMI चुकानी होगी। इस हिसाब से आपको 7 साल में सिर्फ ब्याज का ही 74.21 लाख रुपये चुकाना होगा।
Mercedes G-Wagon खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स कहते हैं कि आपके कार लोन की EMI, आपकी इन-हैंड सैलरी के 20 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होना चाहिए। ताकि, आपकी वित्तीय स्थिति पर कोई बुरा असर न पड़े। यानी, अगर आपकी EMI लगभग 5 लाख रुपये बनती है तो इसका मतलब आपकी मंथली सैलरी भी 25 लाख रुपये तक होनी चाहिए। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स की सलाह और इस कैलकुलेशन के आधार पर, Mercedes G-Wagon खरीदने के लिए आपकी मंथली सैलरी कम से कम 25 लाख रुपये होनी चाहिए। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि महंगी गाड़ी खरीदने के लिए आपको न सिर्फ मोटी ईएमआई चुकानी होती है, बल्कि आपको इसके मेनटेनेंस के लिए भी समय-समय पर मोटी रकम खर्च करनी होती है।


